14 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पन्ना में दोनों आंखों के बीच गहरा घाव लेकर जंगल में तड़प रहा था बाघ, डॉक्टरों ने सर्जरी कर बचाई जान

Panna Tiger Reserve : पन्ना टाइगर रिजर्व के अमानगंज बफर इलाके में घायल मिले 11 वर्षीय बाघ पी-243 की वन्यप्राणी चिकित्सकों ने सफल सर्जरी कर जान बचाई। दोनों आंखों के बीच गहरा घाव था, जिसका ऑपरेशन कर उसे बड़ौर वन्यप्राणी चिकित्सालय में निगरानी में रखा गया है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

पन्ना

•

image

Mohammad Faiz Mubarak

•

Updated: 14 Nov 2026, 6:51 PM IST

Panna Tiger Reserve

चिकित्सकों ने की सफल सर्जरी (फोटो सोर्स: Patrika)

Panna News :मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में स्थित पन्ना टाइगर रिजर्व के अमानगंज बफर इलाके में घायल अवस्था में मिले करीब 11 साल के नर बाघ पी-243 का वन्यप्राणी चिकित्सकों ने सफलतापूर्वक ट्रैंक्युलाइजेशन कर ऑपरेशन किया है। बताया जा रहा है कि, बाघ की दोनों आंखों के बीच गहरा घाव हो गया था। चोट की गंभीरता को देखते हुए समय पर उपचार नहीं मिलता तो संक्रमण फैलने के साथ उसकी दृष्टि और शिकार करने की क्षमता भी प्रभावित हो सकती थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने तत्काल उपचार का निर्णय लिया।

14 नवंबर को विस्थापित ग्राम गहदरा के जंगल क्षेत्र में बाघ पी-243 घायल मिला था। वन्यप्राणी चिकित्सा के निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत सुबह 10 बजे उसे सुरक्षित तरीके से ट्रैंक्युलाइज किया गया। इसके बाद चिकित्सकों ने घाव की सूक्ष्म सर्जरी कर आवश्यक उपचार किया। ऑपरेशन सफल रहने के बाद बाघ को आगे के उपचार और सतत निगरानी के लिए बड़ौर वन्यप्राणी चिकित्सालय में रखा गया है। वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार गुप्ता के नेतृत्व में चिकित्सकीय दल उसके स्वास्थ्य, घाव भरने की स्थिति और व्यवहार पर लगातार नजर रख रहा है।

संस्थापक बाघिन टी-2 की संतान है पी-243

बाघ पी-243 का पन्ना टाइगर रिजर्व के बाघ पुनर्स्थापना इतिहास से भी खास जुड़ाव है। वह बाघिन टी-2 के चौथे लिटर की तीसरी संतान है। टी-2 को वर्ष 2009 में कान्हा टाइगर रिजर्व से पन्ना लाया गया था। वह पन्ना के बाघ पुनर्स्थापना कार्यक्रम की संस्थापक बाघिनों में शामिल रही है। उसकी संतानों ने पन्ना में बाघों की आबादी दोबारा स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

मैदानी अमले की सतर्कता से सफल हुआ अभियान

बाघ के रेस्क्यू, ट्रैंक्युलाइजेशन और सर्जरी में सहायक संचालक पन्ना, परिक्षेत्र अधिकारी गंगऊ एवं हिनौता सहित मैदानी अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने घायल बाघ की निगरानी से लेकर अभियान के दौरान क्षेत्र को सुरक्षित रखने तक तत्परता दिखाई। पन्ना टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने ग्रामीणों और नागरिकों से अपील की है कि घायल या बीमार वन्यप्राणी दिखाई देने पर उसके पास न जाएं और तत्काल निकटतम वन कार्यालय अथवा वन अमले को सूचना दें, ताकि समय रहते उसका उपचार किया जा सके।