
पन्ना से विक्रांत दुबे की रिपोर्ट
Panna Police Extortion Case: मध्यप्रदेश के पन्ना से एक बेहद ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां रेत के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने की जिम्मेदारी जिस पुलिस महकमे की है। उसी के देवेंद्रनगर थाने में रेत से भरे ट्रैक्टर ट्रॉलियों से वसूली का पूरा तंत्र संचालित हो रहा था। इस व्यवस्था में पुलिसकर्मी सीधे सामने आने के बजाय निगरानी बदमाश आशीष पिता गणेश प्रसाद निवासी देवेंद्रनगर के जरिए प्रत्येक ट्रैक्टर से हर माह का 3 हजार रुपए की वसूली करवाते थे।
निगरानी शुदा बदमाश को वसूली एजेंट बनाकर वसूली कराए जाने की बात जब पुलिस अधिकारियों तक पहुंची तो उन्होंने मामले की जांच की। पूछताछ के लिए निगरानी शुदा बदमाश आशीष को बुलाया तो उसने अधिकारियों के सामने बताया कि वो महीने में करीब 30 ट्रैक्टर से 3-3 हजार रुपये की वसूली करता है। ये वसूली तत्कालीन टीआई संतोष यादव व आरक्षक रोहित के कहने पर की जाती है। वसूली की रकम आशीष आरक्षक रोहित को देता था। इसके बदले में उसे 200-300 रुपये खर्चा-पानी के तौर पर मिल जाते थे।
बदमाश आशीष से पूछताछ में सामने आई जानकारी और उसका वीडियो तत्कालीन पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू तक पहुंचाया गया था। पुलिस अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम से उन्हें अवगत भी कराया था, लेकिन हैरानी की बात ये है कि मामले में न तो तत्कालीन थाना प्रभारी से जवाब मांगा गया और न ही आरक्षक रोहित के विरुद्ध कोई प्रभावी कार्रवाई की गई। जांच को आगे बढ़ाने के बजाय पूरा मामला ठंडे बस्ते में चला गया।
जब पुलिस अधिकारियों ने पूछताछ की थी, बयान दर्ज किया था और उसका वीडियो भी बनाया था, तो फिर इस मामले में जवाबदेही तय क्यों नहीं की गई? अब रेत के ट्रैक्टरों से वसूली के इस मामले और पूछताछ के वीडियो के सामने आने से पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस जांच में सामने आए मामले में जवाबदेही तय नहीं होना व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। इस पूरे मामले पर पन्ना एसपी सव्यसाची सराफ का कहना है कि मेरे संज्ञान में मामला नहीं है। हम मामले की जांच करवाएंगे, गड़बड़ी सामने आई तो कार्रवाई भी करेंगे।