
Panna News :मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के अंतर्गत आने वाले अमानगंज में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की सनातन हिंदू रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की जेब से रुपए निकालने और सोने की चेन और मंगलसूत्र झपटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पन्ना पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने 5 महिलाओं समेत कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल पहुंचाया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल 3 लग्जरी कारें समेत करीब 42 लाख रुपए का चोरी का माल जब्त किया है।
बता दें कि, बीती 12 अक्टूबर को अमानगंज में रथयात्रा के दौरान हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे थे। दोपहर करीब 3:15 बजे यात्रा अमानगंज पहुंची और स्टेडियम मैदान में कार्यक्रम के बाद 3:30 बजे पवई की ओर रवाना हो गई। इसी दौरान विधायक बंगले के आगे एक ढाबे के सामने भीड़ का फायदा उठाकर एक व्यक्ति की जेब से रुपए चोरी हो गए। वहीं, अमित सोनी, जयप्रकाश चतुर्वेदी और संतोष सोनी की सोने की चेन और एक महिला का मंगलसूत्र चोरी हो गया। पुलिस ने इस सभी मामलों की शिकायत दर्ज की। इसके अलावा अन्य कई लोगों की जेब से रुपए चोरी होने की जानकारी भी सामने आई।
रथयात्रा में लगातार हो रही चोरियां और उससे जुड़ी शिकायतें दर्ज होने के मामले को गंभीरता से लेते हुए अमानगंज थाना प्रभारी निरीक्षक हेमंत नायक के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साइबर सेल की तकनीकी सहायता, संदिग्धों की आवाजाही के मार्ग और मुखबिर तंत्र के आधार पर कार्रवाई कर 5 महिलाओं और 5 पुरुष आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस ने चोरी का माल और रकम जब्त की है। फिलहाल, सभी को जेल पहुंचा दिया गया है।
पकड़े गए आरोपियों में 30 वर्षीय सुनीता बावरिया पति महेश बावरिया, निवासी खिवाला, पोस्ट कठपुतली, थाना पाटन, जिला सीकर, राजस्थान से। 34 वर्षीय पुष्पा तोमर, पति मोनू बरगी, निवासी गोविंदगढ़, थाना गोविंदगढ़, जिला अलवर, राजस्थान से। 25 वर्षीय सुनील बबली, पिता भोला बबली, निवासी कच्ची बस्ती, गोकुलनगर, कोतवाली, भरतपुर, जिला भरतपुर, राजस्थान से। 42 वर्षीय नीरज श्रीवास्तव, पिता सुमन कुमार श्रीवास्तव, निवासी ग्राम आशावाद, थाना रसूलपुर, जिला फिरोजाबाद, उत्तर प्रदेश से। 30 वर्षीय आरती खटीक, पति हरिराम खटीक, निवासी हरसोरा, थाना हरसोरा, बहरोड़-कोटपुतली, राजस्थान से। 35 वर्षीय जोनी बावरिया, पिता ताराचंद्र बावरिया, निवासी झाझरो टोडा, थाना लोहारू, जिला भिवानी हरियाणा के रहने वाले पकड़ाए हैं।
इसके अलावा, 23 वर्षीय पपीता बाई राजपूत, पिता छाजूराम राजपूत, निवासी ग्राम गुन्ता, थाना बानसूर, जिला कोटपुतली राजस्थान से। 27 वर्षीय मोनू सिंह, पिता महेन्द्र सिंह, निवासी जीवननगर, वार्ड-2, थाना मुनेसर, जिला फरीदाबाद हरियाणा से। 40 वर्षीय लीला राम यादव, पिता रामजी लाल यादव, निवासी यादव कॉलोनी, वार्ड-5, कोटपुतली, राजस्थान से। 42 वर्षीय उर्मिला बावरिया, पति कृपाल बावरिया, निवासी संजय कॉलोनी, वार्ड-3, सेक्टर-23 थाना मुनेसर, जिला फरीदाबाद हरियाणा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 सोने की चेन, 1 पांचाल, 1 मंगलसूत्र, 2 धप्पा लॉकेट, 5 चांदी की चूड़ियां, 1 चांदी का कड़ा, 29780 रुपए नकद और 4 मोबाइल फोन जब्त किए। इसके अलावा सफेद रंग की ब्रेजा कार क्रमांक आरजे सीवी 2872, स्विफ्ट कार क्रमांक डीएल 12 सीएच 2120 और बिना नंबर की विक्टोरियस कार भी जब्त की गई है। गिरोह सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से धार्मिक यात्राओं, मेलों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले आयोजनों की जानकारी जुटाता था। इसके बाद सदस्य समूह बनाकर भीड़ में शामिल होते और कथित तौर पर योजनाबद्ध तरीके से चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।