17 अक्टूबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

रबी सीजन से पहले खंडवा में भारतीय किसान संघ की दो टूक, अधिकारियों के सामने रखीं अहम मांगें

Bhartiya Kisan Sangh : रबी सीजन की तैयारियों को लेकर भारतीय किसान संघ ने अधिकारियों के साथ की बैठक की। बैठक में सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी, गुणवत्तापूर्ण बीज, सुचारु बिजली व्यवस्था और किसानों को दो महीने का अस्थायी बिजली कनेक्शन देने पर जोर दिया।
3 min read
Google source verification
Bhartiya Kisan Sangh

रबी सीजन से पहले किसान संघ की अहम बैठक (फोटो सोर्स: Patrika)

Khandwa News : आगामी रबी सीजन में मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के किसानों को सिंचाई, बीज और बिजली से संबंधित समस्याओं का सामना न करना पड़े, इसके लिए भारतीय किसान संघ जिला पदाधिकारियों ने शनिवार 17 अक्टूबर 2026 को एडीएम के साथ-साथ संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर किसानों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से उठाया।

बैठक में उद्यानिकी विभाग, विद्युत विभाग, जल संसाधन विभाग, कृषि विभाग, बीज निगम, कृषि उपज मंडी, NVDA (नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण) और DMO समेत संबंधित विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में आगामी रबी सीजन की तैयारियों और किसानों की जरूरतों पर विस्तार से चर्चा की गई।

सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी और नहरों से जलप्रदाय की तारीख तय करने पर जोर

आगामी रबी सीजन में गेहूं, चना और अन्य फसलों की सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराना किसानों की प्रमुख जरूरतों में से एक है। इस विषय को बैठक में प्रमुखता से उठाते हुए नहरों के जरिए पानी छोड़ने की तारीख निर्धारित करने और किसानों को समय पर सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। भारतीय किसान संघ ने संबंधित विभागों से आग्रह किया कि, जलप्रदाय की व्यवस्था समयबद्ध और व्यवस्थित रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों की बुवाई और सिंचाई प्रभावित न हो।

गेहूं और चने के गुणवत्तापूर्ण बीजों की उपलब्धता सुनिश्चित हो

रबी सीजन में गेहूं, चना और अन्य फसलों की बुवाई के लिए किसानों को पर्याप्त मात्रा में प्रमाणित और गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने का विषय भी बैठक में उठाया गया। बीजों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ किसानों को अनावश्यक परेशानियों से बचाने के लिए संबंधित विभागों से जरूरी व्यवस्थाएं करने पर जोर दिया गया।

ड्रिप इरिगेशन सिस्टम जल्द शुरु करने और प्याज की फसल के लिए पानी देने की मांग

जल संसाधन विभाग के समक्ष ड्रिप इरिगेशन सिस्टम से संबंधित काम जल्द शुरु करने का विषय रखा गया। साथ ही, काली क्षेत्र में प्याज की फसल के लिए जरूरत के हिसाब से पानी मुहैय्या कराने और जलप्रदाय की समुचित व्यवस्था करने का सुझाव दिया गया। भारतीय किसान संघ ने किसानों की फसलों को ध्यान में रखते हुए सिंचाई संबंधी समस्याओं का समय रहते निराकरण करने पर जोर दिया।

बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग

रबी सीजन में सिंचाई के लिए निर्बाध और व्यवस्थित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का विषय भी बैठक के दौरान उठाया गया। विद्युत विभाग से मांग की गई कि, बिजली के तारों और खंभों की मरम्मत, जरूरत के हिसाब से पुराने तारों और खंभों को बदलने के साथ-साथ विद्युत लाइनों के मेंटेनेंस जल्द पूरा कराया जाए। साथ ही, किसानों को सिंचाई के लिए दो महीने के लिए अस्थाई बिजली कनेक्शन देने पर भी जोर दिया गया, ताकि किसान समय रहते अपनी फसलों की सिंचाई कर सकें। विद्युत व्यवस्था में सुधार कर किसानों को समय पर कनेक्शन और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई, जिससे खेती का काम प्रभावित न हो।

किसानों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण करने की मांग

भारतीय किसान संघ ने बैठक में किसानों से जुड़े सभी विषयों पर संबंधित विभागों का ध्यान आकर्षित करते हुए आग्रह किया कि आगामी रबी सीजन को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं। सिंचाई के लिए पानी, गुणवत्तापूर्ण बीजों की उपलब्धता एवं बिजली व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीरता से कार्य किया जाए, ताकि किसानों को राहत मिले और कृषि कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सकें।

बैठक में ये पदाधिकारी रहे मौजूद

बैठक में भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष राधेश्याम चाचरिया, प्रांत मंत्री धर्मचंद पटेल, तहसील मंत्री सुभाष पटेल, जिला मीडिया प्रभारी अभिषेक गंगराड़े, तहसील अध्यक्ष दिनेश महाजन, संदीप सिंह सोलंकी और रामेश्वर कुशवाहा समेत भारतीय किसान संघ के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।