
devendranagar satna railway section development general manager inspection, निरीक्षण करने पहुंचे रेलवे के महाप्रबंधक (Source-Patrika)
Devendranagar Satna Railway Section Development: मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के देवेन्द्रनगर क्षेत्र से जुड़ी रेल परियोजनाओं के विकास को लेकर पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने सतना–देवेन्द्रनगर रेलखंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलखंड पर चल रहे न्यू कमीशनिंग कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों से वर्तमान स्थिति तथा शेष कार्यों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान बरेठिया, फुलवारी, नागोद और देवेन्द्रनगर स्टेशनों का भी जायजा लिया गया।
महाप्रबंधक ने स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं, सुरक्षा और सुगम आवागमन को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए और कार्यों की निरंतर निगरानी रखी जाए, ताकि रेलखंड से जुड़ी सुविधाओं का लाभ यात्रियों को जल्द मिल सके।
निरीक्षण के दौरान बरेठिया और सकरिया में प्रस्तावित गुड्स शेड से माल लदान शुरू करने को लेकर क्षेत्रीय प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा भी की गई। बैठक में माल लदान की संभावनाओं, आवश्यक अधोसंरचना और संभावित व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श हुआ। गुड्स शेड विकसित होने और माल परिवहन शुरू होने से क्षेत्र की व्यावसायिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
महाप्रबंधक ने रेलखंड के विकास के साथ यात्री सुविधाओं और माल परिवहन से जुड़ी अधोसंरचना को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने उपलब्ध रेल सुविधाओं का क्षेत्रीय विकास के लिए बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों को समय पर पूरा करने तथा प्रगति की नियमित समीक्षा करने के लिए कहा गया। निरीक्षण के दौरान अपर महाप्रबंधक एवं प्रमुख मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता एकनाथ मोहकर, प्रमुख मुख्य इंजीनियर आशुतोष, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक राजेश कुमार मंडल, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक अरविन्द कुमार रजक, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निर्माण एम.एस. हाशमी, प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मुकेश सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Updated on:
08 Oct 2026 08:11 pm
Published on:
08 Oct 2026 07:48 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
