
Panna Diamond Found: मध्यप्रदेश के पन्ना जिले की रत्नगर्भा धरती ने एक बार फिर कुछ लोगों की किस्मत बदल दी है। 6 दोस्तों को शुक्रवार को 4.70 कैरेट का हीरा मिला है। ये हीरा जेम्स क्वालिटी का है और इसकी कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है। छह दोस्तों ने मिलकर महज 15 दिन पहले ही हीरा खदान का पट्टा मिला था और अब उनकी किस्मत चमक गई है। हीरे को हीरा कार्यालय में जमा करा दिया गया है और अब इस हीरे को आगामी नीलामी में रखा जाएगा। बता दें कि हीरे की नीलामी से मिलने वाली रकम में से सरकारी रॉयल्टी काटने के बाद बची राशि पट्टाधारक और उनके साथियों के खातों में जमा की जाती है।
पटी क्षेत्र में निजी हीरा खदान का पट्टा लेने वाले किसान बद्री पटेल ने बताया कि वो करीब 10 साल से हीरा खदान में काम कर रहे थे लेकिन उन्हें किस्मत का साथ नहीं मिल रहा था। करीब 15 दिन पहले उन्होंने अपने पांच दोस्तों राम चंद्र दुबे, रतन यादव, राम गोपाल पटेल, पहलवान ओटल और भीकम पटेल के साथ मिलकर पटी क्षेत्र में नई हीरा खदान का पट्टा मिला था। दोस्तों का साथ मिलने के बाद किस्मत चमकी और 15 दिन में ही हीरा मिल गया। बद्री पटेल ने इसे भगवान जुगल किशोर जी की कृपा बताते हुए कहा कि हीरा मिलने से कुछ समय पहले ही उनके मन में अलग तरह की उमंग महसूस हो रही थी। वहीं साथियों के मुताबिक, हीरे की नीलामी से मिलने वाली राशि का उपयोग कोई पक्का मकान बनाने तो कोई बच्चों और बेटियों की शादी की तैयारियों में करने की योजना बना रहा है।
बता दें कि दो दिन पहले ही 16 सितंबर को पन्ना में हीरा खदान संचालित करने वाली एनएमडीसी (डायमंड माइनिंग प्रोजेक्ट) में 27.29 कैरेट का जेम क्वालिटी का हीरा भी मिला था। एनएमडीसी प्रबंधन के अनुसार, मार्च 2024 में खदान का संचालन दोबारा शुरू होने के बाद यह अब तक मिला सबसे बड़ा जेम श्रेणी का हीरा है। इससे पहले जुलाई 2026 में 13.16 कैरेट का हीरा इस श्रेणी में सबसे बड़ा था। अब 27.29 कैरेट के हीरे ने यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। बहुमूल्य हीरा नियमित खनन के दौरान किम्बरलाइट अयस्क के प्रसंस्करण में प्राप्त हुआ।