पन्ना

टिकट की जुगाड़ में भोपाल-दिल्ली में डेरा

टिकट की जुगाड़ में भोपाल-दिल्ली में डेरा
2 min read
Oct 22, 2018
Ticket Jugaad
Ticket Jugaad

पन्ना। मध्यप्रदेश में 28 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए अभी तक जिले में तीन विधानसभा सीटों में से किसी भी सीट पर भाजपा व कांग्रेस ने प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं। टिकट पाने के लिए जिले के नेता पन्ना से लेकर दिल्ली और भोपाल तक सेटिंग जमाने में बीते छह माह से भी अधिक समय से लगे हैं।

टिकट के लिए सेटिंग का काम अब निर्णायक मोड़ पर आ गया है। आगामी कुछ दिनों में दोनों पार्टियों को अपने उम्मीदवार घोषित करने होंगे। इससे टिकट के लिए अंतिम सेटिंग जमाने दावेदार अपने-अपने समर्थकों के साथ दिल्ली और भोपाल में डेरा जमाए हैं।

गौरतलब है कि विस चुनाव के लिए नामांकन भरने का काम २ नवंबर से शुरू हो जाएगा। इससे लिए भाजपा और कांग्रेस ने अभी पन्ना, पवई और गुनौर विधानसभा में से किसी भी सीट के लिए प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। सूत्रों के अनुसार भाजपा के प्रत्याशियों का चयन तो दिल्ली से होगा, लेकिन उम्मीदवार के नाम पर मोहर भोपाल कार्यालय से ही लगेगी। इससे भाजपा के तीनों विधानसभा सीटों से दावेदारी कर रहे अधिकांश लोगों का जमावड़ा भोपाल में ही है।

दिल्ली पहुंचे कांग्रेसी

प्रत्याशी चयन में जहां भाजपा के प्रदेश कार्यालय की भूमिका महत्वपूर्ण रहने का दावा किया जा रहा है वहीं दूसरी ओर कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली में डेरा डाला है। बताते हैं कि कांग्रेस में प्रत्याशी चयन में प्रदेश के बजाए केंद्रीय कार्यालय की भूमिका महत्वपूर्ण है।

इसी को देखते हुए कांग्रेस के नेता भोपाल के बजाए दिल्ली की दौड़ लगा रहे हैं। वे कांग्रेस के पार्टी कार्यालय के साथ ही अपने-अपने आकाओं से भी मिल रहे हैं और उन्हें अपने पक्ष में जीत के समीकरण दिखाकर टिकट दिलाने की मांग कर रहे हैं।

भाजपा कार्यालय में सन्नाटा, कांग्रेस का भवन तैयार नहीं

भाजपा और कांग्रेस के नेताओं के दिल्ली और भोपाल की दौड़ के कारण जिले में राजनीतिक शून्यता की स्थिति बनी है। हालात यह है कि चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के चंद दिन शेष होने के बाद भी भाजपा जिला कार्यालय में दिनभर सन्नाटा पसरा रहता है, जबकि कांग्रेस का अभी तक जिला कार्यालय भवन बनकर तैयार ही नहीं हुआ है।

वह सालों से अधूरा पड़ा है। पार्टी की ओर से आगामी चुनाव को देखते हुए अभी तक अस्थायी रूप से भी किसी स्थान पर जिला कार्यालय का संचालन शुरू नहीं किया गया है। पार्टी की ओर से टिकट वितरण का इंतजार किया जा रहा है। पार्टी नेताओं का कहना है कि टिकट वितरण के बाद स्थिति साफ होने पर जिला कार्यालय का संचालन किया जाएगा। संभव है कि कांग्रेस के जिले की गतिविधियों का संचालन जिलाध्यक्ष घर के पास के किसी भवन से किया जाए।

Published on:
22 Oct 2018 12:57 am