पन्ना

पन्ना में तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से परिवार के पांच लोग घायल, दो महीने का मासूम भी हादसे का शिकार

Tractor Accident: बृजपुर के अहिरगुवां निवासी बीरेंद्र कुशवाहा, पत्नी पूजा और तीन बच्चे बाइक पर थे सवार, पिता समेत तीन बच्चों की हालत नाजुक।
1 minute read
• •
Updated: 18 Nov 2026, 4:56 PM IST
panna accident
tractor bike accident five family members injured, घायलों को अस्पताल पहुंचाती पुलिस (source-patrika)

Panna Tractor Accident: मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में पहाड़ी खेड़ा मार्ग पर बृजपुर थाना के आगे तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर ने एक हंसते-खेलते परिवार को अस्पताल पहुंचा दिया। हादसे में बाइक सवार माता-पिता समेत उनके तीन मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो माह का दुधमुंहा बच्चा भी शामिल है। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। एक ही परिवार के पांच सदस्यों को घायल देखकर घटनास्थल पर मौजूद लोग भी विचलित हो उठे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही मामले की जांच शुरू की।

बच्चों के साथ बाइक से जा रहे थे दंपती

जानकारी के अनुसार, बृजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अहिरगुवां के रहने वाले बीरेंद्र कुमार कुशवाहा अपनी पत्नी पूजा और तीन बच्चों के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी खेड़ा मार्ग पर बृजपुर थाना के आगे पहुंचते ही तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सभी पांचों लोग सड़क पर जा गिरे। हादसे में छह वर्षीय कार्तिक, चार वर्षीय सोनू और दो माह का मासूम भी घायल हो गया। बच्चों के साथ माता-पिता को भी गंभीर चोटें आई हैं।

पिता समेत तीनों बच्चों की हालत नाजुक

दुर्घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। हादसे में पिता बीरेंद्र कुशवाहा समेत तीनों बच्चों की हालत नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों की टीम उनकी जान बचाने के लिए उपचार में जुटी है। घटना की सूचना मिलते ही घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंचे, परिवार में चिंता और दुख का माहौल है। सभी घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Updated on:
18 Nov 2026, 4:56 PM IST
Published on: