बॉलीवुड एक्टर सोनू सूट और मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के बीच वीडियो कॉल पर हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने सोनू सूद को बिहार आकर लिट्टी-चोखा खाने का निमंत्रण भी दिया।
बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद (Sonu Sood) ने बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ( Anant Singh) को मुंबई आने का न्योता दिया है। इसके जवाब में अनंत सिंह ने भी सोनू सूद को बिहार आकर लिट्टी-चोखा खाने का निमंत्रण दिया। दोनों के बीच वीडियो कॉल पर हुई बातचीत इन दिनों काफी चर्चा में है। इस बातचीत का एक वीडियो क्लिप भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सोनू सूद ने पहले भी कहा है कि वह अनंत सिंह के व्यक्तित्व से काफी प्रभावित हैं और उनके किरदार से अपनी फिल्म के लिए प्रेरणा भी ले चुके हैं।
बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद और जदयू विधायक अनंत सिंह के बीच वायरल हो रहे वीडियो में सोनू सूद उन्हें मुंबई आने का न्योता देते हुए कहते हैं, “आइए ना हमारे पास।” इस पर अनंत सिंह अपने अंदाज में जवाब देते हुए कहा (आवेंगे)आएंगे। इसके साथ ही अनंत सिंह भी उन्हें बिहार आने का निमंत्रण देते हुए कहते हैं, “आप भी आइए, लिट्टी-चोखा खाने।” सोनू सूद ने उनका निमंत्रण स्वीकार करते हुए कहा, “मैं भी आऊंगा आपके घर, लिट्टी-चोखा खाने।” दोनों के बीच हुई यह बातचीत सोशल मीडिया पर लोगों को काफी पसंद आ रही है और तेजी से वायरल हो रही है।
सोन सूद अपने एक पॉडकास्ट में विधायक अनंत सिंह की खुलकर तारीफ कर चुके हैं। सोनू सूद ने कहा था कि वह अपनी फिल्मों के लिए लगातार लिखते रहते हैं और इस दौरान उन्हें अनंत सिंह का किरदार काफी प्रभावशाली लगा। उन्होंने यह भी कहा कि मोकामा के विधायक अनंत सिंह की पर्सनैलिटी सबसे अलग है।
पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान सोनू सूद ने अनंत सिंह से जुड़ा एक पुराना वीडियो भी याद किया। उन्होंने बताया कि उस वीडियो में एक रिपोर्टर ने अनंत सिंह से बिहार में बढ़ते मर्डर पर सवाल किया था। इस पर अनंत सिंह ने जवाब दिया था कि अनऑर्गनाइज्ड मर्डर (Unorganised) को नहीं रोका जा सकता। उन्होंने आगे कहा था कि “अगर अभी हम आपका मर्डर कर दें, तो सरकार इसे कैसे रोकेगी?” सोनू सूद के मुताबिक, अनंत सिंह का यही बेबाक अंदाज उन्हें सबसे अलग बनाता है—वह जैसे हैं, वैसे ही खुद को सामने रखते हैं।