पटना

Khan Sir के समर्थन में उतरा अमेरिका में रहने वाला बिहारी युवक, कहा- गुरु दक्षिणा देने की बारी आ गई

Bihari in America supports Khan sir: पटना कोचिंग विवाद के बीच सोशल मीडिया पर अमेरिका में रहने वाले एक बिहारी ट्रक ड्राइवर का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक ने खान सर को पूरे देश का गौरव बताया है और कहा है कि गुरु दक्षिणा देने की बारी आ गई है।

3 min read
Jun 11, 2026
khan sir supporter
खान सर के समर्थन में उतरा अमेरिका में रहने वाला बिहारी युवक

Khan Sir Fan Video: पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित कोचिंग इंस्टीट्यूट 'खान ग्लोबल स्टडीज' के बाहर हुई गोलीबारी की घटना के बाद से फैसल खान उर्फ खान सर लगातार चर्चा में बने हुए हैं। इस मामले में नामजद आरोपी और 'ज्ञानबिंदु' के डायरेक्टर रोशन आनंद की जमानत याचिका कोर्ट ने खारिज कर दी है, जिसके बाद वे अभी जेल में हैं। वहीं, खान सर को अग्रिम जमानत मिल गई है। इस वजह से खान सर को काफी विरोध का सामना करना पड़ रहा है, खासकर रोशन आनंद के समर्थकों का आरोप है कि इस विवाद में की गई कार्रवाई एकतरफा है।

आलोचकों का कहना है कि खान सर को अपने प्रभाव और लोकप्रियता के कारण राहत मिली, जबकि दूसरे पक्ष पर कानूनी शिकंजा कसा गया। हालांकि, कई छात्र और समर्थक इसे खान सर की छवि खराब करने की एक सोची-समझी साज़िश मानते हैं। इसी बीच अब अमेरिका से एक वीडियो सामने आया है जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें अमेरिका में रहने वाला बिहार का एक ट्रक ड्राइवर युवक खान सर के समर्थन में सामने आया है।

वीडियो में क्या कह रहा युवक ?

पटना में चल रहे कोचिंग विवाद माहौल पर नाराजगी जाहिर करते हुए इस बिहारी युवक ने सीधे मीडिया पर निशाना साधा। वीडियो में युवक काफी गुस्से और जज्बात में नजर आ रहा है। युवक वीडियो में कहता है, "आज तक, आई रिपीट… आज तक ऐसा गिरा हुआ मीडिया हम नहीं देखे थे। भले ही हम खान सर के कोचिंग में कभी पढ़ने नहीं गए हों, लेकिन उनके वीडियो देख-देखकर हमने बहुत कुछ सीखा है। खान सर सिर्फ बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश का प्राइड हैं और अब वक्त आ गया है कि ऐसे गुरु को गुरु दक्षिणा दी जाए। आई स्टैंड एंड सिट विद खान सर।"

अपनी बात कहने के बाद वह युवक अपने विशालकाय अमेरिकी ट्रक में बैठता है और वहां से निकल जाता है, ट्रक के दरवाजे पर खान सर के समर्थन में एक छोटा स पोस्टर भी लगा है। इस पूरे वीडियो के दौरान बैकग्राउंड में एक श्लोक 'गुरुर ब्रह्मा गुरुर विष्णुः गुरुर्देवो महेश्वरः' सुनाई देता रहता है।

खान सर के कोचिंग इंस्टीट्यूट से जुड़ा पूरा विवाद क्या है?

यह पूरा विवाद 'खान ग्लोबल स्टडीज' और 'ज्ञान बिंदु GS एकेडमी' के बीच वर्चस्व की लड़ाई की वजह से शुरू हुआ है। 2 जून की रात 15-20 लोगों के एक ग्रुप ने खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर पत्थरबाजी, तोड़-फोड़ और सिक्योरिटी गार्ड्स पर हिंसक हमला किया। शुरू में खान सर ने इस हंगामे के लिए 'ज्ञान बिंदु अकैडमी' को ज़िम्मेदार ठहराया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रोशन आनंद को गिरफ़्तार कर जेल भेज दिया।

हालांकि, अगले दिन स्थिति ने एक नया मोड़ ले लिया जब एक CCTV फुटेज सामने आए, जिनमें खान सर के प्राइवेट गार्ड्स खुलेआम गोली चलाते हुए दिखे। इसके बाद, पुलिस ने दोनों गार्ड्स को गिरफ़्तार कर लिया और उनके बयानों के आधार पर खान सर के खिलाफ ही हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया गया। उन पर गार्ड्स को गोली चलाने के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया।

फिलहाल, पटना सिविल कोर्ट ने खान सर को अग्रिम जमानत दे दी है, जबकि रोशन आनंद की जमानत अर्ज़ी खारिज कर दी गई। हालांकि, रौशन आनंद की ओर से एक नई याचिका दाखिल की गई है, जिस पर शुक्रवार को सुनवाई होनी है।

खान सर का विरोध क्यों है?

कोर्ट के इस फैसले के बाद से ही पटना के कोचिंग संचालकों के एक गुट और रौशन आनंद के समर्थकों में भारी आक्रोश है। उनका तर्क है कि जब वीडियो में खान सर के गार्ड्स गोली चलाते साफ दिख रहे हैं और खान सर ने खुद पहले झूठ बोला, तो उन्हें इतनी जल्दी राहत कैसे मिल गई? विरोधियों का कहना है कि प्रशासन और कानून बड़े नाम और रसूख के आगे झुक गया है।

Updated on:
11 Jun 2026 04:34 pm
Published on:
11 Jun 2026 04:31 pm