राज्य सभा चुनाव के लिए मतदान के बीच बिहार में राजनीतिक तनाव चरम पर है। विधानसभा परिसर में सुबह से ही काफी गहमागहमी है। मतदान केंद्र पर पहुंचे NDA के मंत्रियों और विधायकों ने न केवल अपनी जीत का पूरा भरोसा जताया, बल्कि विपक्ष पर जोरदार हमला बोला और साथ ही क्रॉस-वोटिंग की संभावना के भी संकेत दिए।
Rajya Sabha Election: बिहार की पांच राज्य सभा सीटों के लिए विधानसभा में सोमवार को मतदान चल रहा है। मतदान केंद्र पर पहुंचे NDA नेताओं के हाव-भाव से यह साफ हो गया है कि उन्होंने न सिर्फ चार, बल्कि सभी पांचों सीटों पर कब्जा करने की रणनीति बनाई है। विपक्ष पर अपने ही विधायकों को बंधक बनाने का आरोप लगाते हुए, बिहार सरकार के मंत्रियों ने बड़ा दावा किया कि महागठबंधन के कई विधायक NDA के पक्ष में मतदान करेंगे।
बिहार सरकार में मंत्री संजय कुमार पासवान ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि एनडीए पूरी तरह एकजुट है और विपक्ष बिखरा हुआ है। उन्होंने कहा, 'हम लोग पूरी तरह एकजुट हैं, जबकि विपक्ष में भारी डर है। उनका कुनबा ढह जाएगा, उन्होंने डर के मारे अपने विधायकों को होटल में कैद कर रखा था, लेकिन खबर मिली है कि वहां से भी 2-4 विधायक भाग निकले हैं। जब अपने ही घर में भरोसा न हो, तो जीत की उम्मीद कैसे की जा सकती है? हमने अपने विधायकों को कहीं होटल में बंद नहीं किया। हम क्यों घबराएं?'
बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री और जेडीयू नेता विजय कुमार चौधरी ने विपक्ष की होटल पॉलिटिक्स पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य सभा चुनाव के नतीजे लगभग तय है। उन्होंने कहा, 'चुनाव हो रहे हैं और नतीजे भी स्पष्ट हैं। एनडीए के पांचों उम्मीदवार प्रबल और प्रचंड बहुमत से जीतेंगे। किसी को इसमें कोई संशय नहीं है। कुछ दलों को अपने ही विधायकों पर भरोसा नहीं है, इसलिए उन्हें होटल में कैद करके रखा गया है। लेकिन एनडीए के विधायक पूरी तरह स्वतंत्र हैं।' क्रॉस वोटिंग की संभावना पर विजय चौधरी ने कहा कि सामान्य परिस्थितियों में इसकी उम्मीद नहीं की जाती, हालांकि राजनीति में कभी-कभी विशेष परिस्थितियों में ऐसा हो सकता है।
बिहार सरकार के मंत्री दीपक प्रकाश ने भी दावा किया कि विपक्ष के कुछ विधायक भी एनडीए के उम्मीदवारों का समर्थन कर सकते हैं। उन्होंने कहा, 'हम पूरी तरह आश्वस्त हैं कि हमारे पांचों उम्मीदवार जीतकर राज्य सभा जाएंगे। विपक्ष के कई विधायक भी हमारे पक्ष में मतदान कर सकते हैं। नतीजों के बाद सब कुछ साफ हो जाएगा।'
राज्य सभा चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार शिवेश राम ने भी एनडीए की जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा, 'हमारे पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के विकास के लिए काम कर रहे हैं। बिहार के सभी नेता एकजुट हैं और शाम को बहुत अच्छे नतीजे आएंगे। एनडीए के पांचों उम्मीदवार जीतने वाले हैं। विपक्ष एकजुट नहीं है, यही हमारी जीत सुनिश्चित करेगा।' उन्होंने कहा कि संख्या के हिसाब से विपक्ष को ज्यादा वोटों की जरूरत है, जबकि एनडीए को कम अतिरिक्त वोटों की आवश्यकता है।
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि एनडीए की जीत लगभग तय है और केवल औपचारिक घोषणा बाकी है। उन्होंने कहा, 'हमारी जीत 101 प्रतिशत पक्की है। विपक्ष कोई भी हथकंडा अपना ले, लेकिन मतदान एनडीए के पक्ष में ही हो रहा है। पांचों सीटें एनडीए जीतने जा रही हैं।' उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि विधायकों को होटल में बंद करके रखना लोकतंत्र का अपमान है।
NDA की ओर से चुनावी मैदान में नितिन नवीन, नीतीश कुमार, रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और शिवेश राम हैं। वहीं, महागठबंधन की ओर से अमरेंद्र धारी सिंह (AD सिंह) एकमात्र उम्मीदवार हैं। इन उम्मीदवारों का भविष्य 243 विधायकों के हाथों में है। जीत हासिल करने के लिए किसी भी उम्मीदवार को 41 विधायकों के समर्थन की आवश्यकता होती है। मतदान शुरू हो चुका है, वोटों की गिनती आज शाम 5:00 बजे से शुरू होने वाली है और अंतिम परिणाम आज रात तक आने की उम्मीद है।