पटना

आनंद मोहन के निशाने पर निशांत कुमार, बोले- बाप-बेटे को डॉक्टर की जरूरत, इसीलिए दिया स्वास्थ्य विभाग

Bihar Politics: बाहुबली आनंद मोहन का एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें वो बोल रहे हैं कि निशांत कुमार को स्वास्थ्य विभाग इसलिए सौंपा गया, क्योंकि बाप-बेटे को डॉक्टर की जरूरत है। उनके इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में फिर से हलचल बढ़ गई है। 
2 min read
May 19, 2026
bahubali anand mohan singh attacks jdu
पूर्व सांसद और बाहुबली नेता आनंद मोहन

Bihar Politics: बिहार की राजनीति में इन दिनों पूर्व सांसद और बाहुबली नेता आनंद मोहन इन दिनों जदयू नेतृत्व से नाराज चल रहे। सीतामढ़ी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान आनंद मोहन ने पूर्व सीएम नीतीश कुमार और उनके बेटे मंत्री निशांत कुमार को लेकर तीखे बोल लबोले हैं, इतना ही नहीं उन्होंने जदयू के भीतर टिकटों और मंत्री पदों की खरीद-फरोख्त का गंभीर आरोप लगाया है। आनंद मोहन के इस तेवर के बाद जदयू ने भी उन पर कड़ा पलटवार किया है।

बाप-बेटे को डॉक्टर की जरूरत - आनंद मोहन

आनंद मोहन ने पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे निशांत कुमार को स्वास्थ्य मंत्री बनाए जाने पर कहा, 'बाप-बेटे को डॉक्टर की जरूरत है, इसीलिए स्वास्थ्य मंत्रालय दिया गया है।' आनंद मोहन यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे आरोप लगाते हुए कहा, 'पार्टी में धड़ल्ले से टिकटें बेची गईं और सिर्फ टिकटें ही नहीं बिकीं, बल्कि करोड़ों रुपये की थैलियां लेकर मंत्री पद भी बेचे गए हैं। किसने बेचा? ये हमसे बेहतर सरफूद्दीन साहब जानते हैं, जिनके बयान टिकट कटने के वक्त सबने पढ़े थे।'

चंडाल चौकड़ी चला रही है सरकार

आनंद मोहन ने जदयू के शीर्ष नेतृत्व को घेरते हुए कहा, 'यह तीन तिलंगे नहीं, बल्कि चंडाल चौकड़ी है, जिसने आज समता दल की विरासत पर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है। मैं जनता दल यूनाइटेड के साथियों को यह बताने आया हूं कि यह नीतीश कुमार का सफाया नहीं है, बल्कि पिछड़ों के राज का सफाया है।'

आनंद मोहन ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार की बेबसी का फायदा उठाकर यह चौकड़ी पूरे एनडीए को डुबाने में लगी है। नए सीएम के शपथ ग्रहण में 85 विधायकों के साथ खड़े नीतीश कुमार की फोटो गायब थी और अब सरकारी बोर्डों से भी उनका नाम हटाया जा रहा है।

बेटे चेतन आनंद को मंत्री न बनाने पर बौखलाहट?

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि आनंद मोहन के बेटे चेतन आनंद को नई सरकार में मंत्री पद नहीं मिलने के कारण वे यह गुबार निकाल रहे हैं। इस नैरेटिव पर पलटवार करते हुए आनंद मोहन ने कहा, 'कुछ लोग कहानी सेट कर रहे हैं कि आनंद मोहन अपने बेटे को पद दिलाने के लिए बौखला गया है। मुझे किसी पद या नुकसान की चिंता नहीं है। जो लोग परिवारवाद पर हल्ला मचाते हैं, उन्होंने खुद अपने भाई को डुमरांव से टिकट दिया। आरा-बक्सर के एमएलसी चुनाव में पैसों की थैली को जनता ने करारा जवाब दिया है और आगे भी यही होगा।'

जदयू का पलटवार

आनंद मोहन के गंभीर आरोपों के बाद जदयू खेमे में खलबली मच गई। जदयू MLC संजय सिंह ने आनंद मोहन के बयानों पर कहा, 'ऐसा बयान केवल वही व्यक्ति दे सकता है जो मानसिक रूप से बीमार हो।' संजय सिंह ने उन पर सीधा पलटवार करते हुए पूछा, 'जब शिवहर सीट पर बीजेपी से लेकर जदयू ने उनकी पत्नी लवली आनंद को टिकट दिया और वे जीतीं, जब उनके बेटे चेतन आनंद को नवीनगर से टिकट दिया गया, तब क्या आनंद मोहन थैली लेकर पार्टी दफ्तर गए थे? थैली लेने वाला व्यक्ति जब थैली की बात करे तो आश्चर्य होता है।'

Updated on:
19 May 2026 01:29 pm
Published on:
19 May 2026 01:29 pm