
घटनास्थल पर छानबीन में जुटी पुलिस
Bihar Crime News:बिहार के दरभंगा जिले के पतोर थाना क्षेत्र के चंदनपट्टी बगाही गांव में एक सनकी ने अपने हंसते-खेलते पारिवर को खुद उजाड़ दिया। यहां मंगलवार की सुबह एक मामूली विवाद के बाद पति ने बंद कमरे में अपनी ही पत्नी और तीन मासूम बच्चों की लोहे की रॉड और डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस हत्याकांड को अंजाम देने के बाद हत्यारे ने खुद को भी खत्म करने की नीयत से अपने सिर पर लोहे की पाइप से जोरदार हमला कर खुद को लहूलुहान कर लिया।
मृतकों की पहचान लगभग 27 वर्षीय फूल कुमारी दास, उनके 7 वर्षीय बेटे हृदय दास, 6 वर्षीय बेटी संध्या दास और 5 वर्षीय सबसे छोटे बेटे सोन दास के रूप में हुई है। यह पूरा परिवार मूल रूप से पश्चिम बंगाल के दालकोला (उत्तर दिनाजपुर) जिला के कुंडी थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव का रहने वाला था। संदीप पहले हरियाणा में मजदूरी करता था, महज एक महीने पहले ही अच्छी कमाई के लिए वह दरभंगा आया था।
आरोपी पति संदीप दास चंदनपट्टी गांव के चौर में स्थित एक पोल्ट्री (अंडा) फार्म में रहकर मजदूरी का काम करता था और अपने परिवार के साथ वहीं बने एक कमरे में रहता था। स्थानीय लोगों के मुताबिक मंगलवार सुबह किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच बहस शुरू हुई। देखते ही देखते संदीप के सिर पर खून सवार हो गया। उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद किया और चीखते-चिल्लाते बच्चों और पत्नी पर तब तक लोहे की रॉड बरसाता रहा, जब तक कि उनकी सांसें नहीं थम गईं।
इस घटना की सूचना मिलते ही पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। सिटी एसपी अशोक कुमार चौधरी, सदर डीएसपी राजीव कुमार सहित तीन थानों की पुलिस बल भारी संख्या में मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल बच्चों को तुरंत दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (DMCH) भेजा, लेकिन चोटें इतनी गहरी और जानलेवा थीं कि डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, घायल हालत में मिले मुख्य आरोपी और हत्यारे पति संदीप दास को पुलिस ने तुरंत अपनी कस्टडी में ले लिया। फिलहाल पुलिस की सख्त निगरानी में अस्पताल के भीतर उसका इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत भी गंभीर बनी हुई है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया गया। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल को पूरी तरह सील कर वहां बिखरे खून के नमूने, हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड, पाइप और अन्य महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्यों को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने चारों शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
सिटी एसपी अशोक चौधरी ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला पूरी तरह से घरेलू विवाद के बाद उपजे हिंसक गुस्से का लग रहा है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी किसी मानसिक बीमारी या तनाव से गुजर रहा था। फिलहाल मृतका के भाई के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Published on:
19 May 2026 12:23 pm
बड़ी खबरें
View Allदरभंगा
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
