14 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नीतीश कुमार से 3 गुना अधिक काम करना पड़ेगा, सीएम सम्राट चौधरी ने क्यों कही ये बात?

Samrat Choudhary Darbhanga visit:  मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गुरुवार को दरभंगा पहुंचे। जहां उन्होंने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार के विकास के लिए नीतीश कुमार ने बहुत काम किया। लेकिन बिहार के विकसित राज्य बनाने के लिए नीतीश कुमार से तीन गुना ज्यादा तेजी से काम करना होगा। 

2 min read
Google source verification
Samrat Choudhary Darbhanga visit

दरभंगा पहुंचे सीएम सम्राट चौधरी (फोटो- X)

Samrat Choudhary Darbhanga visit: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज गुरुवार को दरभंगा पहुंचे, जहां उन्होंने दरभंगा एयरपोर्ट के सुरक्षा संचालन को सीआईएसएफ (CISF) को सौंपने के कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान मंच से संबोधन करते हुए उन्होंने बिहार के विकास के लिए अपना विजन साझा किया। मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के योगदान को स्वीकारते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि बिहार के विकास की गति को तिगुना किया जाए।

नीतीश कुमार से तीन गुना अधिक काम करना पड़ेगा

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार में विकास की नींव पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रखी थी, लेकिन विकसित बिहार के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए वह पर्याप्त नहीं है। सीएम सम्राट ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में बहुत काम किया है, लेकिन अब हमें उनसे तीन गुना अधिक काम करना पड़ेगा। तभी बिहार को तेजी से एक विकसित प्रदेश बनाया जा सकता है।

विद्यापति पर होगा दरभंगा एयरपोर्ट का नाम

मुख्यमंत्री ने मिथिला की जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए घोषणा की कि दरभंगा एयरपोर्ट का नाम महाकवि बाबा विद्यापति के नाम पर रखने के लिए वे हरसंभव प्रयास करेंगे। साथ ही, उन्होंने कहा कि अगले महीने केंद्र सरकार के नागरिक उड्डयन विभाग के अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक होगी, जिसका मुख्य उद्देश्य दरभंगा एयरपोर्ट को इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रूप में विकसित करना होगा।

पहले लोग यहां आने से डरते थे

सम्राट चौधरी ने पिछले दो दशकों के बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि पहले इस इलाके में आने से लोग डरते थे। उन्होंने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा, 'साल 2000 में जब मैं विधायक था, तो पटना से जयनगर या निर्मली पहुंचने में 10-12 घंटे लगते थे। आज रोड और रेल कनेक्टिविटी ने पूरी स्थिति बदल दी है।' उन्होंने बताया कि अब उनका लक्ष्य एयर कनेक्टिविटी को वर्तमान से 10 गुना अधिक विस्तार देना है।

5 साल में 5 करोड़ लोग करेंगे हवाई सफर

मुख्यमंत्री ने आंकड़े पेश करते हुए कहा कि 2005 में बिहार में मात्र 2.5 लाख लोग हवाई यात्रा करते थे, जो आज बढ़कर 50 लाख हो गई है। उन्होंने लक्ष्य रखा कि अगले 5 वर्षों में ऐसी व्यवस्था खड़ी की जाएगी कि राज्य के लगभग 4 से 5 करोड़ लोग हवाई यात्रा कर सकें। इसके लिए मुजफ्फरपुर, रक्सौल, सहरसा, पूर्णिया और भागलपुर जैसे शहरों में एयरपोर्ट और एयरस्ट्रिप के काम को गति दी जा रही है।

एम्स निर्माण में आएगी तेजी

मिथिला की धरती को सुपरफूड मखाना की जननी बताते हुए मुख्यमंत्री ने यहां औद्योगिक विस्तार की बात कही। उन्होंने घोषणा की कि अशोक पेपर मिल की जगह पर नया उद्योग लगाया जाएगा। इसके अलावा, दरभंगा एम्स की समीक्षा कर उसके निर्माण तेजी लाने और बिहार सरकार द्वारा दी जाने वाली 400 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि पर भी चर्चा की गई।