पटना

Bankipur By-Polls: बांकीपुर में चुनावी घमासान, BJP की पदयात्रा, RJD का रोड शो; धरने की तैयारी में जनसुराज

Bankipur By-Polls: 30 जुलाई को होने वाले बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पदयात्रा कर रहे हैं, तेजस्वी यादव ने दो दिवसीय रोड शो का ऐलान किया है। वहीं, प्रशांत किशोर ने चुनावी गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग कार्यालय के सामने धरना देने की चेतावनी दी है।
2 min read
Jul 26, 2026
prashant kishor,
नितिन नबीन- प्रशांत किशोर और तेजस्वी यादव

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होना है। चुनाव जैसे-जैसे करीब आ रहा है, पटना का सियासी तापमान भी बढ़ता जा रहा है। भाजपा अपनी परंपरागत सीट बचाने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है। रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने वार्ड संख्या-36 से पदयात्रा निकालकर लोगों से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। वहीं, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने 27 और 28 जुलाई को तेजस्वी यादव के नेतृत्व में रोड शो करने की घोषणा की है। दूसरी ओर, जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने चुनाव आयोग कार्यालय के सामने धरने की चेतावनी दी है।

नितिन नवीन ने संभाला चुनाव प्रचार का मोर्चा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को खुद चुनाव प्रचार की कमान संभाली। उन्होंने वार्ड संख्या-36 से पदयात्रा शुरू की और घर-घर जाकर लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस दौरान भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता भी उनके साथ मौजूद रहे। लोगों से संवाद करते हुए नितिन नवीन ने कहा, "यही मेरा इलाका है। मेरा बचपन यहीं बीता है। आपमें से कई लोगों के साथ मैंने बचपन में क्रिकेट खेला है। इस क्षेत्र से मेरे माता-पिता की अनगिनत यादें जुड़ी हैं। मैं यहीं का हूं और हमेशा यहीं का रहूंगा।"

बांकीपुर में दिलचस्प हुआ मुकाबला

बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा का पारंपरिक गढ़ रही है। इस सीट से नितिन नवीन कई वर्षों तक विधायक रहे। उनके राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद यह सीट खाली हुई, जिस पर अब उपचुनाव हो रहा है। इस बार मुकाबला और भी रोचक हो गया है, क्योंकि जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर पहली बार चुनाव मैदान में हैं। वहीं, राष्ट्रीय जनता दल ने रेखा गुप्ता को अपना उम्मीदवार बनाया है।

27 और 28 जुलाई को तेजस्वी यादव का रोड शो

राजद ने अपने उम्मीदवार रेखा गुप्ता के समर्थन में 27 और 28 जुलाई को बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में रोड शो करने का फैसला किया है। इस रोड शो में नेता प्रतिपक्ष और राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव भी शामिल होंगे। इसके लिए पार्टी ने जिला प्रशासन से अनुमति मांगी है। विदेश यात्रा से लौटने के बाद तेजस्वी यादव ने चुनाव प्रचार की कमान संभाल ली है। उनके रोड शो से राजद कार्यकर्ताओं और नेताओं में नया उत्साह देखने को मिल सकता है। अब तक अपेक्षाकृत शांत दिख रहा राजद अभियान तेजस्वी की मौजूदगी से गति पकड़ने की उम्मीद है।

चुनाव आयोग कार्यालय के सामने धरने की चेतावनी

जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने सोमवार को पटना स्थित चुनाव आयोग कार्यालय के सामने धरना देने की चेतावनी दी है। पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने जिला पदाधिकारी (DM) के आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट का हवाला देते हुए चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए। प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि भाजपा वही तरीका दोहरा रही है, जो नवंबर 2025 के विधानसभा चुनाव में अपनाया गया था। उन्होंने कहा कि चुनावी जागरूकता अभियान के नाम पर जीविका दीदियों का इस्तेमाल किया जा रहा है और विधानसभा क्षेत्र की महिलाओं के बीच यह संदेश फैलाया जा रहा है कि यदि भाजपा को वोट नहीं दिया गया तो राशन, पेंशन जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ बंद हो सकता है। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव आयोग इस मामले में कार्रवाई नहीं करता है तो जनसुराज के कार्यकर्ता सोमवार को चुनाव आयोग कार्यालय के सामने धरने पर बैठेंगे।

Updated on:
26 Jul 2026 03:19 pm
Published on:
26 Jul 2026 03:15 pm