
Bankipur By-Polls: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के मतदान से एक दिन पहले जन सुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पटना के शास्त्रीनगर थाने में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। यह एफआईआर जदयू के विधान पार्षद (एमएलसी) नीरज कुमार की शिकायत पर दर्ज की गई है। जदयू एमएलसी नीरज कुमार ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि प्रशांत किशोर ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के चुनावी वीडियो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार किया गया फर्जी वीडियो बताया है। उनका कहना है कि इस तरह का बयान पूर्व मुख्यमंत्री का अपमान है और इससे जनता को भ्रमित करने की कोशिश की गई है। नीरज कुमार ने पटना पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष और विधिसम्मत जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान इस तरह के आरोप मतदाताओं को गुमराह कर सकते हैं, इसलिए मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के अंतिम दिन एनडीए की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का एक वीडियो जारी किया गया था। वीडियो में उन्होंने बांकीपुर की जनता से भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में मतदान करने की अपील की थी। वीडियो में नीतीश कुमार ने कहा था कि पिछले दो दशकों में जनता के सहयोग से क्षेत्र में विकास के कई कार्य हुए हैं। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि विकास की इस यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा प्रत्याशी का समर्थन करें और उनके पक्ष में मतदान करें।