पटना

‘जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक नहीं होगा श्राद्ध’, भोजपुर एनकाउंटर में मारे गए भरत तिवारी की मां का ऐलान

Bharat Tiwari Encounter: भोजपुर एनकाउंटर में मारे गए भरत तिवारी के परिजनों से कांग्रेस नेताओं ने रविवार को मुलाकात की। इस दौरान भरत तिवारी की मां ने कहा कि जब तक दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक बेटे का श्राद्ध नहीं किया जाएगा।

2 min read
Jun 21, 2026
bharat tiwari encounter
भरत तिवारी के परिवार से मुलाकात करते कांग्रेस नेता

Bharat Tiwari Encounter: बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में हुए भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में हर बीतते दिन के साथ सियासत और गरम होती जा रही है। इस मामले में जनता में फैले आक्रोश के बीच राजनीतिक दलों का पीड़ित परिवार के घर पहुंचने का सिलसिला तेज हो गया है। इसी कड़ी में रविवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के नेतृत्व में एक कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल बिलौटी गांव पहुंचा। नेताओं ने मृतक भरत तिवारी के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की, घटना की विस्तृत जानकारी ली और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया।

जब तक कार्रवाई नहीं, तब तक श्राद्ध नहीं- भरत तिवारी की मां

कांग्रेस नेता जब बिलौटी गांव स्थित घर पहुंचे तो वहां मातम पसरा हुआ था। भरत तिवारी की मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और अन्य नेताओं के सामने अपना दुख व्यक्त करते हुए भरत तिवारी की मां ने कहा कि उनका बेटा कोई चोर डाकू नहीं था, बल्कि गरीबों की आवाज था। पुलिस एन उसे धोखे से मारा है। जब तक हत्या करने वाले दोषी पुलिस वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं होगी, जब तक वे जेल की सलाखों के पीछे नहीं जाएंगे, तब तक बेटे का श्राद्ध नहीं करूंगी।

राजेश राम ने दिलाया न्याय दिलाने का भरोषा

इस मुलाकात को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा, "आज हमने भरत तिवारी जी के परिजनों से मुलाकात कर उनकी गहरी पीड़ा को साझा किया। पुलिसकर्मियों द्वारा की गई उनकी यह निर्मम हत्या अत्यंत दुखद और पूरी तरह निंदनीय है। इस कठिन समय में हमने पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय दिलाने का भरोसा दिया है। दोषियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। न्याय की इस लड़ाई में कांग्रेस पार्टी भरत तिवारी जी के परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और अंतिम न्याय मिलने तक सड़क से सदन तक उनकी आवाज़ उठाती रहेगी।"

इंसाफ की जन में परिवार के साथ कांग्रेस -प्रवक्ता

वहीं, भोजपुर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता वीरेंद्र मिश्रा ने बताया कि कांग्रेस पार्टी इस असहनीय दुख की घड़ी में पूरी तरह से शोकाकुल परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। पुलिसिया कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए वीरेंद्र मिश्रा ने कहा, "लोकतंत्र की ताकत सरकार की जवाबदेही से साबित होती है, पुलिस की बंदूक से नहीं। भरत भूषण तिवारी की यह संदिग्ध मौत सिर्फ एक व्यक्ति का मामला नहीं है, बल्कि यह आम जनता के न्याय, अधिकार और सच की लड़ाई का एक बड़ा सवाल है। इंसाफ की इस पूरी जंग में कांग्रेस पार्टी उनके साथ है।

Published on:
21 Jun 2026 12:57 pm