पटना

भोजपुर-बक्सर MLC उपचुनाव: सोनू राय ने दर्ज की बड़ी जीत, शक्ति यादव बोले- जहां बैलेट वहां राजद

Bhojpur-Buxar MLC By election: भोजपुर-बक्सर स्थानीय निकाय विधान परिषद उपचुनाव राजद प्रत्याशी सोनू कुमार राय ने जीत दर्ज की है। जिसके बाद राजद ने चुनाव आयोग पर हमला बोला है।
2 min read
May 14, 2026
Bihar MLC By election
उपचुनाव में जीत के बाद सोनू राय

Bhojpur-Buxar MLC By election:बिहार विधान परिषद के भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकार निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव में RJD के सोनू कुमार राय ने शानदार जीत हासिल की है। इस उपचुनाव में जदयू कि तरफ से कन्हैया प्रसाद उम्मीदवार थे, जिन्हें सोनू राय ने 359 वोटों से हराया। विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद ये राजद की पहली जीत है। इस जीत के तुरंत बाद, RJD के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने एक बयान जारी करते हुए इस परिणाम को मशीनरी प्रबंधन की हार करार दिया। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में EVM में हेरफेर और प्रशासनिक हस्तक्षेप का कोई जोर नहीं चलता, वहां केवल जनता का फैसला और RJD की जीत ही सर्वोपरि होती है।

जहां बैलेट, वहां राजद- शक्ति यादव

राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भोजपुर-बक्सर उपचुनाव की जीत ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि चुनाव आयोग बिहार ही नहीं, बल्कि देशभर के चुनावों में जो मशीनरी मैनेजमेंट अपना रहा है, जो अलोकतांत्रिक है। उन्होंने 2020 के विधानसभा चुनाव का हवाला देते हुए कहा, 'याद रहे, 2020 के विधानसभा चुनाव में भी जहां बैलेट से गिनती हुई थी, वहां राजद 143 सीटों पर चुनाव जीती थी। जहां ईवीएम और प्रशासनिक मशीनरी का हस्तक्षेप नहीं होता, वहां सिर्फ जनता का फैसला चलता है और राजद की जीत होती है।'

प्रतिष्ठा की लड़ाई में हारी एनडीए

यह उपचुनाव तत्कालीन एमएलसी राधाचरण साह के संदेश विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित होने के बाद खाली हुई सीट पर हुआ था। एनडीए ने राधाचरण साह के पुत्र कन्हैया प्रसाद को मैदान में उतारा था, जिसे सत्ता पक्ष के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न माना जा रहा था। हालांकि, महागठबंधन के सोनू कुमार राय ने एनडीए प्रत्याशी को पटखनी दे दी। जेडीयू के बागी प्रत्याशी मनोज कुमार उपाध्याय की मौजूदगी ने भी एनडीए के समीकरणों को बिगाड़ने में अहम भूमिका निभाई।

97.48% हुई थी वोटिंग

इस उपचुनाव में मतदाताओं के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। 12 मई को हुई वोटिंग में कुल 97.96 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। जिसमें भोजपुर जिले के 14 पोलिंग स्टेशनों पर 98.26% वोटिंग दर्ज की गई थी। वहीं बक्सर जिले में कुल 97.48% वोटिंग दर्ज की गई। स्थानीय निकायों के प्रतिनिधियों ने इस चुनाव में पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया, जिससे मुकाबला काफी दिलचस्प और कड़ा हो गया।

Updated on:
14 May 2026 02:41 pm
Published on:
14 May 2026 02:23 pm