पटना

बिहार: स्कूल डायरेक्टर का कबूलनामा! छात्र ने देखी आपत्तिजनक हरकत, ‘राज छिपाने के लिए किया मर्डर’

बिहार: माउंट केरला स्कूल के छात्र आनंद कुमार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए स्कूल के निदेशक राजीव कुमार रंजन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी और स्कूल की एक शिक्षिका के बीच कथित अवैध संबंध थे। छात्र ने दोनों को आपत्तिजनक अवस्था में देख लिया था।
2 min read
Jul 01, 2026
bihar banka school student murder
आरोपी राजीव रंजन। (फाइल फोटो)

बिहार के बांका जिले स्थित माउंट केरला स्कूल के छात्र आनंद कुमार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए स्कूल के डायरेक्टर राजीव कुमार रंजन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान राजीव कुमार रंजन ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।

बांका के एसपी अमितेश कुमार ने बताया कि घटना वाले दिन छात्र आनंद ने स्कूल निदेशक राजीव कुमार रंजन को स्कूल की एक शिक्षिका के साथ आपत्तिजनक अवस्था में देख लिया था। आरोपी को आशंका थी कि छात्र इस घटना की जानकारी अन्य लोगों को दे देगा, जिससे उसकी बदनामी होगी। इसी डर से उसने छात्र पर चाकू से हमला किया, जिसमें गंभीर रूप से घायल आनंद की बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई।

हत्या के पीछे निकला चौंकाने वाला राज

पुलिस के अनुसार, आनंद की हत्या के बाद जब मामले की गहन जांच शुरू की गई, तो पता चला कि स्कूल के डायरेक्टर राजीव कुमार रंजन और संबंधित शिक्षिका के बीच कथित अवैध संबंध थे। इसी एंगल पर जांच आगे बढ़ाई गई, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। पुलिस का कहना है कि शुरुआती पूछताछ में डायरेक्टर लगातार घटना से जुड़ी किसी भी जानकारी से इनकार करता रहा। हालांकि, साक्ष्यों के आधार पर सख्ती से पूछताछ किए जाने पर उसने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली और पूरी घटना का खुलासा किया।

पुलिस जांच में खुला स्कूल का काला राज

डायरेक्टर की गिरफ्तारी के बाद से संबंधित शिक्षिका फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का मानना है कि शिक्षिका से पूछताछ के बाद मामले से जुड़े कई अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का भी खुलासा हो सकता है।आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने स्कूल परिसर से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। चाकू के हमले में गंभीर रूप से घायल छात्र आनंद ने करीब सात दिन तक जिंदगी और मौत से जंग लड़ने के बाद दम तोड़ दिया था। छात्र की मौत के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया था। परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।

हंगामे में 20 गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, बांका जिले के कटोरिया थाना क्षेत्र के राधानगर स्थित माउंट केरला स्कूल के छात्र आनंद कुमार की मौत से आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर हमला कर दिया था। इस दौरान पुलिस के वाहन में भी तोड़फोड़ की गई। इस मामले में पुलिस अब तक 20 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, एक नाबालिग को पुलिस संरक्षण में लेकर उसे बाल सुधार गृह भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Updated on:
01 Jul 2026 08:31 am
Published on:
01 Jul 2026 07:50 am