
भाजपा सांसद रवि किशन। PC: IANS
Bharat Bhushan Tiwari Encounter: 'अपराधी था, इसलिए एनकाउंटर हुआ'—भरत तिवारी एनकाउंटर मामले से जोड़कर रवि किशन के वायरल हो रहे वीडियो पर भोजपुरी फिल्म अभिनेता और भाजपा सांसद रवि किशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि वायरल किया जा रहा उनका बयान भरत तिवारी प्रकरण से संबंधित नहीं है, बल्कि उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई और एनकाउंटर नीति के संदर्भ में दिया गया था।
रवि किशन ने आरोप लगाया कि कुछ लोग उनके पुराने और अधूरे बयान का एक हिस्सा काटकर उसे भरत तिवारी मामले से जोड़कर वायरल कर रहे हैं। उन्होंने लिखा, "किसी पुराने या अलग संदर्भ में दिए गए बयान को किसी नए मामले से जोड़कर प्रस्तुत करना भ्रम पैदा करता है। इसलिए किसी भी बयान का मूल्यांकन उसके मूल संदर्भ में ही किया जाना चाहिए।"
भरत भूषण तिवारी के कथित एनकाउंटर मामले में श्रद्धांजलि देने के लिए बिहार की तुलना में उत्तर प्रदेश से अधिक लोगों के पहुंचने को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी इस स्थिति को लेकर सतर्क है और मामले को जल्द से जल्द शांत करने की कोशिश कर रही है, हालांकि विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है।
सोमवार को बिलौटी गांव में बक्सर के विधायक आनंद मिश्रा के पहुंचने पर यूपी से आए कुछ युवकों ने उनसे सवाल-जवाब शुरू कर दिए और माहौल गर्माने की कोशिश की। इस दौरान एक युवक ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी भी की। स्थिति को देखते हुए विधायक आनंद मिश्रा ने हस्तक्षेप करते हुए लोगों को शांत कराया और कहा कि वे भरत तिवारी के परिवार के दर्द को समझते हैं तथा खुद को इस गांव का हिस्सा मानते हैं।
जब हंगामा कर रहे युवक से उनके स्थान के बारे में पूछा गया तो उसने बताया कि वह उत्तर प्रदेश से आया है। इस पर विधायक ने उसे शांत रहने की अपील की और स्थिति को नियंत्रित किया। इससे पहले भी कई वरिष्ठ नेताओं द्वारा यह कहा जाता रहा है कि उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावों को देखते हुए इस मामले को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है, जिससे विवाद और अधिक बढ़ता जा रहा है।
Updated on:
02 Jul 2026 04:57 pm
Published on:
30 Jun 2026 10:07 am
