पटना

बिहार: बक्सर में बंद रेलवे पुल पर DJ और डांस, वायरल Video के बाद पुलिस का एक्शन

बिहार के बक्सर में सुरक्षा कारणों से बंद बक्सर-इताढ़ी रेलवे ओवरब्रिज पर जन्मदिन की पार्टी आयोजित करने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आयोजक राकेश कुमार सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। 26.4 करोड़ रुपये की लागत से बना यह पुल तकनीकी खामियों के कारण 5 जून से बंद है।
less than 1 minute read
Jul 16, 2026
buxar closed railway overbridge birthday party
बंद रेलवे पुल पर DJ और डांस का वेन्यू

बिहार के बक्सर में सुरक्षा कारणों से बंद रेलवे ओवरब्रिज पर जन्मदिन की पार्टी आयोजित करना आयोजकों को महंगा पड़ गया। कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आयोजक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। घटना के बाद प्रतिबंधित पुल की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

26 करोड़ के पुल पर बर्थडे पार्टी

दरअसल, करीब 26.4 करोड़ रुपये की लागत से बने बक्सर-इताढ़ी रेलवे ओवरब्रिज पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इंजीनियरों द्वारा पुल में संरचनात्मक खामियां पाए जाने के बाद 5 जून से इसे आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया था। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने इस पर यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित कर रखा था।

बंद पुल पर DJ पार्टी, Video वायरल

इसके बावजूद 11 जुलाई को पुल पर जन्मदिन का जश्न मनाया गया। वायरल वीडियो में तेज़ संगीत, डांस और स्टेज कार्यक्रम के बीच लोगों को पार्टी करते देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे कि जिस पुल को असुरक्षित घोषित कर बंद कर दिया गया है, वहां इस तरह के आयोजन की अनुमति कैसे मिली और लोग प्रतिबंधित क्षेत्र तक कैसे पहुंच गए।

वायरल Video के बाद आयोजक पर FIR

यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब उद्घाटन के महज 90 दिनों के भीतर पुल में तकनीकी खामियां मिलने के कारण इसकी जांच पहले से ही जारी है। बक्सर के पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बताया कि कार्यक्रम के आयोजक राकेश कुमार सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

Updated on:
16 Jul 2026 05:24 pm
Published on:
16 Jul 2026 05:17 pm