
प्रशांत किशोर के साथ डॉ दिव्या ज्योति (फोटो- divya jyoti FB)
Bihar MLC Election 2026: जन सुराज पार्टी के संस्थापक और बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर ने रविवार को बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए पांच उम्मीदवारों के नामों की आधिकारिक घोषणा की। जन सुराज ने पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. दिव्या ज्योति को अपना उम्मीदवार बनाया है। इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी का बीते करीब तीन दशकों से कब्जा रहा है और पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रो. नवल किशोर यादव यहां से लगातार पांच बार MLC चुने गए हैं।
भूमिहार समुदाय से ताल्लुक रखने वालीं डॉ. दिव्या ज्योति मूल रूप से पटना के बाढ़ अनुमंडल की रहने वाली हैं और उनकी ससुराल पटना जिले के अमहारा में है। पेशे से वह एक वकील, कुशल शिक्षाविद् और समाज सेविका हैं। वह चाणक्य कॉलेज ऑफ हायर स्टडीज में असिस्टेंट प्रोफेसर के तौर पर काम करती हैं और चाणक्य फाउंडेशन की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) भी हैं।
डॉ. दिव्या ज्योति लंबे समय से जमीनी स्तर पर सक्रिय रही हैं और लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देने, शिक्षकों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा करने तथा आर्थिक रूप से कमज़ोर वर्गों के छात्रों के उत्थान के लिए काम कर रही हैं।
पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पटना, नालंदा और नवादा जिलों के शिक्षक मतदाताओं के बीच डॉ. दिव्या ज्योति पिछले काफी समय से बड़े पैमाने पर जनसंपर्क अभियान चला रही थीं। शुरुआत में उनका इरादा निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने का था और उन्होंने इस फैसले की घोषणा भी कर दी थी। हालांकि, जन सुराज के वैचारिक सोच से प्रेरित होकर डॉ. दिव्या ज्योति हाल ही में औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल हो गईं। जिसके बाद उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि और सामाजिक सक्रियता को देखते हुए प्रशांत किशोर ने उन्हें पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए जन सुराज का उम्मीदवार घोषित किया।
पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का मुकाबला इस बार बड़े राजनीतिक दिग्गजों के बीच प्रतिष्ठा की सीधी लड़ाई बन गया है। एक तरफ, वरिष्ठ बीजेपी नेता प्रो. नवल किशोर यादव छठी बार जीत हासिल करके अपने तीन दशक पुराने गढ़ को बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं।
दूसरी ओर, आरजेडी ने पूर्व मंत्री आरएन सिंह के बेटे डॉ. संजीव कुमार सिंह को मैदान में उतारा है। डॉ. संजीव कुमार पहले जनता दल (यूनाइटेड) से जुड़े थे और परबत्ता विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं।
राजनीतिक प्रभाव और संसाधनों वाली इस चुनावी लड़ाई के बीच डॉ. दिव्या ज्योति के मैदान में आने से मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। शिक्षकों के वेतन, सेवा शर्तों और सम्मान के मुद्दों को केंद्र में रखकर वे मतदाताओं के बीच उतर रही हैं, जिससे इस सीट का मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया है।
बिहार विधान परिषद के आठ सदस्यों का कार्यकाल इस साल नवंबर में समाप्त होने वाला है, इन सीटों में चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटें शामिल हैं। यह चुनाव लगभग तीस जिलों में होगा। जन सुराज पार्टी ने अपने संगठनात्मक विस्तार की रणनीति के तहत सभी आठ सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। रविवार को जारी पहली सूची में जन सुराज ने पांच उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। बाकी तीन सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा भी जल्द ही की जाएगी।
Updated on:
20 Sept 2026 04:15 pm
Published on:
20 Sept 2026 04:13 pm
