पटना

सम्राट कैबिनेट का हुआ विस्तार, 32 मंत्रियों ने ली शपथ; पीएम मोदी रहे मौजूद

Bihar Cabinet Expansion: सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली  बिहार सरकार का पहला कैबिनेट विस्तार हो गया है। पीएम नरेंद्र मोदी समेत तमाम एनडीए नेताओं की मौजूदगी में मंत्रियों ने आज गांधी मैदान में शपथ ग्रहण किया। 

2 min read
May 07, 2026
बिहार कैबिनेट विस्तार का शपथ ग्रहण समारोह

Bihar Cabinet Expansion: बिहार की राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आज एक भव्य समारोह आयोजित किया गया। जहां मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल का पहला बड़ा विस्तार संपन्न हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में राज्यपाल ने 32 नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इनमें बीजेपी से 15, जेडीयू से 13, लोजपा (रामविलास) से 2, HAM और RLM से एक-एक मंत्री शामिल हैं।

आज के इस विस्तार में तय फॉर्मूले के मुताबिक भाजपा और जदयू के साथ-साथ सहयोगी दलों को भी कैबिनेट में महत्वपूर्ण स्थान मिला है। भाजपा ने अनुभवी चेहरों के साथ-साथ नए और युवा नेतृत्व पर भरोसा जताया है। वहीं, जदयू से पूर्व नीतीश कुमार के करीबी रणनीतिकारों के साथ-साथ उनके बेटे निशांत कुमार की एंट्री ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं।

ये भी पढ़ें

‘चाचा जी की राजनीति का अंतिम अनुष्ठान आज’, निशांत की एंट्री और कैबिनेट विस्तार पर रोहिणी का तंज

भाजपा से इन लोगों ने ली शपथ

मंत्रिमंडल में भारतीय जनता पार्टी की ओर से इस बार अनुभव और क्षेत्रीय समीकरणों को प्राथमिकता दी गई है, जिसमें दिलीप जायसवाल, विजय कुमार सिन्हा, राम कृपाल यादव, प्रमोद चंद्रवंशी और लखेंद्र पासवान जैसे कद्दावर नेताओं को जगह मिली है। इनके साथ ही संजय सिंह टाइगर, रमा निषाद, नीतीश मिश्रा, केदार गुप्ता, मिथिलेश तिवारी, रामचंद्र प्रसाद, नंद किशोर राम, शैलेन्द्र कुमार, अरुण शंकर प्रसाद और श्रेयसी सिंह शामिल हैं।

जदयू से तीन नए चेहरे

जेडीयू की सूची में सबसे अधिक चर्चा नए चेहरों की है, जिनमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की राजनीतिक एंट्री ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं। उनके साथ शिवहर से विधायक डॉ. श्वेता गुप्ता और बुलो मंडल के रूप में नए नेतृत्व को मौका दिया गया है। वहीं, पुराने और भरोसेमंद चेहरों में श्रवण कुमार, मदन सहनी, लेसी सिंह, भगवान सिंह कुशवाहा, दामोदर रावत, सुनील कुमार, शीला मंडल, रत्नेश सदा, जमा खान और अशोक चौधरी पर मुख्यमंत्री ने एक बार फिर भरोसा जताया है।

अन्य दलों से ये बने मंत्री

एनडीए के अन्य सहयोगी दलों को भी नई कैबिनेट में सम्मानजनक स्थान मिला है। चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) की ओर से संजय सिंह और संजय पासवान के नाम फाइनल किए गए हैं। वहीं, जीतन राम मांझी की पार्टी 'हम' (से.) से संतोष सुमन और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी आरएलएम (RLM) से दीपक प्रकाश को मंत्रिमंडल में जगह मिली है।

पटना में पीएम मोदी का मैजिक

शपथ ग्रहण समारोह से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने पटना एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक एक विशाल रोड शो किया। करीब 8 किलोमीटर लंबे इस सफर में सड़कों के दोनों ओर हजारों की भीड़ ने पीएम का स्वागत किया। इसके बाद पीएम गांधी मैदान पहुंचे, जहां सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजामों के बीच बिहार की लोक संस्कृति छठ गीत और झिझिया नृत्य ने इस आयोजन को एक उत्सव में बदल दिया।

ये भी पढ़ें

बिहार कैबिनेट विस्तार आज: BJP-JDU के ये नेता बनेंगे मंत्री, पीएम मोदी की मौजूदगी में लेंगे शपथ
Published on:
07 May 2026 12:19 pm
Also Read
View All