बिहार में दूसरे चरण का रविवार को चुनाव प्रचार खत्म हो गया है। 11 नवंबर को बिहार की जनता 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान कर अपनी सरकार चुनेगी। 14 नवंबर को बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का नतीजा आएगा।
बिहार चुनाव 2025: बिहार में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का प्रचार रविवार की शाम 6 बजे थम गया। मंगलवार 11 नवंबर को मतदाता अपनी नई सरकार चुनने के लिए मतदान करेगी। दूसरे चरण में 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर 11 नवंबर को वोटिंग होगी। दूसरे चरण में 101 सामान्य, 19 अनुसूचित जाति और 2 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों पर मतदान होंगे। करीब 3 करोड़ 70 लाख 13 हजार 556 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
चुनाव प्रचार के अंतिम दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, महागठबंधन की तरफ से कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, आरजेडी नेता तेजस्वी प्रसाद यादव, और लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान समेत तमाम बड़े नेताओं ने ताबड़तोड़ रैलियां कर वोटरों को अपने पक्ष में गोलबंद करने का प्रयास किया। चुनावी सभा में नीतीश कुमार ने अपने विकास कार्य गिनाए। इधर तेजस्वी ने रोजगार को मुद्दा बनाया। वे इसके सहारे युवाओं को जोड़ने का भी प्रयास किया। चुनाव प्रचार के अन्तिम दिन आरोप-प्रत्यारोप और वादों की पूरे दिन बारिश होती रही। इसकी वजह से पूरे दिन चुनावी माहौल गरमाया रहा।
बिहार के दूसरे चरण में तीन सीटों पर सबसे ज्यादा 22-22 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। कैमूर का चैनपुर, रोहतास का सासाराम, गया शहर, लौरिया, चनपटिया, रक्सौल, सुगौली, त्रिवेणीगंज और बनमनखी ऐसी सीटें हैं जहां दो से ज्यादा मजबूत प्रत्याशी रहने की वजह से बहुकोणीय लड़ाई की संभावना है।
| मतदाता | संख्या |
| पुरुष मतदाता | 1,95,44,041 |
| महिला मतदाता | 1,74,68,572 |
| थर्ड जेंडर | 943 |
| 18-29 वर्ष | 84.84 लाख वोटर |
| 30-40 वर्ष | 1.04 करोड़ |
वोटिंग के लिए 45,399 बूथ तैयार किए गए हैं। इनमें 595 महिला संचालित, 91 दिव्यांगजन संचालित और 316 मॉडल बूथ शामिल हैं। इस चरण में सभी बूथों पर वेबकास्टिंग की जाएगी, ताकि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित हो सके।