
rape: फाइल फोटो पत्रिका
Bihar News: बिहार के बगहा के एक गांव में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना हुई। अपनी बुआ के घर शादी में आए एक युवक ने अपनी हवस के लिए एक मासूम बच्ची की जान खतरे में डाल दी। आरोपी लड़की को बारात दिखाने के बहाने सुनसान खेत में ले गया और वहां उसके साथ हैवानियत की। लड़की की हालत अभी गंभीर है और वह बेतिया के GMCH हॉस्पिटल में जिंदगी और मौत से जूझ रही है। यह पूरी घटना धनहा थाना इलाके में हुई।
आरोपी की पहचान वाल्मीकिनगर थाना इलाके के लव कुश घाट कॉलोनी के रहने वाले 32 साल के गोपाल राम के तौर पर हुई है। पुलिस के मुताबिक, घटना से पहले आरोपी उत्तर प्रदेश के बंशी गया था, जहां उसने खूब शराब पी। गांव लौटने पर उसने देखा कि पड़ोसी के घर से बारात निकलने वाली है। इसी दौरान उसकी नजर वहां खेल रही 6 साल की बच्ची पर पड़ी। वह उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
जब बच्ची देर शाम तक घर नहीं लौटी तो परिवार में कोहराम मच गया। गांव वालों ने पूरी रात टॉर्च लेकर खेत-खलिहानों में ढूंढा, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। अगली सुबह, लड़की खून से लथपथ और आधी नंगी हालत में पड़ोस के गांव के एक ग्रामीण के दवाजे पर पहुंची। लड़की को बहुत ज्यादा इंटरनल ब्लीडिंग हो रही थी। ग्रामीण ने तुरंत लड़की के घरवालों को बताया।
बच्ची के परिजन तुरंत वहां पहुंचे और फिर उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां डॉक्टरों ने लड़की की जांच की, तो वे हैरान रह गए। यौन उत्पीड़न की पुष्टि होने के बाद, उसे तुरंत बेतिया रेफर कर दिया गया, जहां उसका गंभीर हालत में इलाज चल रहा है।
पीड़िता के दादा ने रोते हुए बताया कि आरोपी एक रिश्तेदार का बेटा है और अक्सर घर आता था। इस दौरान वह बच्ची के साथ खेलता था। गुस्से में दादा ने कहा, 'वह आवारा था, लेकिन मैंने कभी नहीं सोचा था कि वह अपनी ही बहन के साथ ऐसा करेगा। उसे फांसी मिलना चाहिए, उससे कम कुछ भी मंजूर नहीं होगा।' इस बीच, गांव वालों का कहना है कि वह मासूम लड़की को बारात की भीड़-भाड़ के बीच बहला-फुसलाकर ले गया, और किसी को कानों-कान खबर तक नहीं हुई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गोपाल राम भाग गया। पुलिस ने जब उसके घर पर छापा मारा तो वह गायब मिला। बगहा SP रामानंद कौशल ने बताया कि इस बात की पूरी संभावना है कि आरोपी नेपाल भाग गया है। वाल्मीकिनगर बॉर्डर पर SSB के साथ मिलकर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस आरोपी का पता लगाने के लिए बॉर्डर पर लगे CCTV फुटेज की जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक (SP) ने खुद धनहा पुलिस स्टेशन का दौरा किया और सख्त निर्देश दिए। SP ने साफ किया कि आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए मामला फास्ट-ट्रैक कोर्ट में ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आरोपी अभी फरार है, लेकिन पुलिस कार्रवाई जारी है और उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
Updated on:
10 Mar 2026 01:23 pm
Published on:
10 Mar 2026 12:57 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
