10 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘सऊदी में फंसा हूं, पैसे भेजो…’ अमेरिका-ईरान तनाव को ठगों ने बनाया हथियार, दोस्त बनकर युवक को लगाया चूना

Cyber Crime: पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध और तनाव के बीच जहां हजारों फंसे हुए भारतीय अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं, वहीं साइबर अपराधियों ने इस संकट को धोखाधड़ी का नया हथियार बना लिया है। पटना में ऐसा ही एक मामला सामने आया है। 

3 min read
Google source verification

पटना

image

Anand Shekhar

Mar 10, 2026

cyber crime, cyber fraud, cyber attack, crime news, cyber crime news

साउदी में फंसे होने की बात कह ठग लिए हजारों (फोटो-AI)

Cyber Crime: वेस्ट एशिया (मिडिल ईस्ट) में चल रहे सैन्य तनाव के बीच, साइबर क्रिमिनल खाड़ी देशों के लिए फ्लाइट कैंसिल होने की खबरों का फायदा उठाकर लोगों को टारगेट कर रहे हैं। ऐसी ही एक घटना पटना में हुई, जहां जालसाजों ने सऊदी अरब में फंसे होने का नाटक करके एक युवक से 30,000 रुपये ठग लिए। खाजपुरा के रहने वाले पीड़ित ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जालसाजों ने इस क्राइम को करने के लिए अमेरिका-इजरायल और ईरान के बच चल रहे युद्ध को इमोशनल हथियार के तौर पर इस्तेमाल किया।

इंस्टाग्राम के जरिए शिकार बनाया गया

एयरपोर्ट थाना इलाके के खाजपुरा के रहने वाले एक युवक का दोस्त शाहनबाज सऊदी अरब में रहता है। इजरायल, ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध ने खाड़ी देशों में अफरा-तफरी मचा दी है। इस स्थिति का फायदा उठाकर जालसाजों ने युवक के दोस्त का अकाउंट हैक कर लिया।

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि जालसाज ने शहनाज बनकर उसे मैसेज किया, 'भाई, सऊदी अरब में युद्ध जैसे हालात हैं। फ्लाइट कैंसिल हो गई हैं और मैं यहीं फंस गया हूं। मुझे घर लौटने और कुछ जरूरी काम निपटाने के लिए तुरंत 30,000 रुपये चाहिए।' युवक ने एक मोबाइल नंबर भी भेजा, जिसमें पैसे ट्रांसफर करने के लिए कहा गया। युद्ध की खबर से डरे हुए पीड़ित ने अपने दोस्त की मदद के लिए दिए गए नंबर पर पैसे ट्रांसफर कर दिए।

कॉल किया तो उड़े होश, दोस्त था बिल्कुल सुरक्षित

पैसे भेजने के कुछ समय बाद जब पीड़ित ने तसल्ली के लिए अपने दोस्त शाहनबाज को सीधा फोन कॉल किया, तो उसे हकीकत का पता चला। शहनाज ने उसे बताया कि वह सुरक्षित है और उसने कभी कोई पैसे नहीं मांगे। उसका इंस्टाग्राम अकाउंट भी हैक हो गया था। तब पीड़ित को एहसास हुआ कि जिस व्यक्ति को उसने यह सोचकर पैसे भेजे थे कि वह उसकी मदद कर रहा है, वह असल में एक चालाक साइबर जालसाज था।

थाने में दर्ज कराया मामला

घटना का पता चलने के बाद, पीड़ित ने पटना के एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और साइबर फ्रॉड करने वालों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वे उस नंबर की जांच कर रहे हैं जिस पर पैसे भेजे गए थे और साइबर सेल की मदद से आरोपियों तक पहुंचने की भी कोशिश कर रहे हैं।

युद्ध का फायदा उठा रहे साइबर फ्रॉड करने वाले

अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच तनाव के कारण पश्चिम एशिया में हालात बिगड़े हुए हैं। कई खाड़ी देशों में फ्लाइट कैंसिल होने की खबरें हैं। दुबई, रियाद और तेल अवीव जैसे शहरों के लिए हवाई सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हैं। एयर इंडिया और इंडिगो जैसी एयरलाइंस केवल कुछ रिलीफ फ्लाइट्स चला रही हैं। इस स्थिति का फायदा उठाकर, साइबर फ्रॉड करने वाले लोगों को यह कहकर ठग रहे हैं कि वे विदेश में फंसे हुए हैं और उन्हें तुरंत पैसे की जरूरत है।

साइबर ठगी से रहें सावधान

पश्चिम एशिया में चल रहे मिलिट्री तनाव और युद्ध को कवर बनाकर, साइबर धोखेबाज कई चालाक तरीकों से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं, खासकर सोशल मीडिया पर दोस्त या रिश्तेदार बनकर, फंसे होने का नाटक करके और इमरजेंसी के बहाने पैसे मांग रहे हैं। इसके अलावा, अपराधी एयरलाइंस के नाम पर गूगल पर नकली कस्टमर केयर नंबर पोस्ट करके और स्पेशल रेस्क्यू फ्लाइट्स पर टिकट बुक करने का वादा करके लोगों को धोखा दे रहे हैं और लाखों रुपये ऐंठ रहे हैं।

पटना पुलिस की चेतावनी: क्या करें और क्या न करें?

  • सीधे बात करें: अगर कोई टेक्स्ट के जरिए पैसे मांगे, तो उस पर भरोसा न करें। सीधे उस व्यक्ति को कॉल करें।
  • UPI पिन: किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपना UPI पिन न डालें।
  • शिकायत: धोखाधड़ी होने पर, तुरंत 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।