
चिराग पासवान (फोटो- आईएएनएस)
Bihar Politics: नीतीश कुमार के बाद अब बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? इस सवाल को लेकर राज्य में चर्चाएं तेज है। इसी बीच लोजपा (रामविलास) के कार्यकर्ताओं द्वारा पटना के प्रमुख चौराहों और भाजपा कार्यालय के बाहर लगाए गए पोस्टरों में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को बिहार का अगला मुख्यमंत्री बनाने की पुरजोर मांग की गई है। इन पोस्टरों पर अब बिहार सरकार के मंत्री संजय पासवान के साथ-साथ चिराग पासवान के बहनोई और सांसद अरुण भारती की प्रतिक्रिया सामने आई है।
चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने की मांग वाले पोस्टर पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री संजय पासवान ने कहा, 'कार्यकर्ताओं की अपनी भावनाएं होती हैं, कार्यकर्ता चाहते हैं कि चिराग पासवान मुख्यमंत्री बनें और हम उनकी भावनाओं का सम्मान करते हैं। लेकिन अभी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं। एनडीए एक मजबूत गठबंधन है और भविष्य में नेतृत्व को लेकर जो भी निर्णय होगा, वह एनडीए की बैठक में सामूहिक रूप से लिया जाएगा।' संजय पासवान ने आगे कहा कि गठबंधन की बैठक में जो भी फैसला होगा, लोजपा (रा) उसका पूरा समर्थन और स्वागत करेगी।
जहां मंत्री संजय पासवान मर्यादा में बंधे दिखे, वहीं चिराग पासवान के बहनोई और सांसद अरुण भारती ने खुलकर अपनी मंशा जाहिर की। उन्होंने कहा, 'यह मेरी व्यक्तिगत इच्छा है कि चिराग पासवान बिहार के मुख्यमंत्री बनें। हालांकि, गठबंधन के प्रोटोकॉल के तहत नेता तय करेंगे कि मुख्यमंत्री कौन होगा और जब फैसला होगा, तो सभी को जानकारी दे दी जाएगी। लेकिन एक समर्थक और नेता के तौर पर मैं चाहता हूं कि चिराग बिहार के सीएम बनें।'
दरअसल, पटना की सड़कों और कई प्रमुख स्थानों पर चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने की मांग वाले पोस्टर लगाए गए। इन पोस्टरों में लिखा गया है, 'ना दंगा हो ना फसाद हो, बिहार का CM सिर्फ चिराग हो। मोदी जी का मिला अपने हनुमान को आशीर्वाद, चिराग होंगे बिहार के नए सरताज।' इन पोस्टरों ने एनडीए के भीतर नेतृत्व परिवर्तन की सुगबुगाहट को और तेज कर दिया है।
इसी बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री के बाद भी बिहार की राजनीति में नए समीकरणों को लेकर चर्चा चल रही है। जब संजय पासवान से पूछा गया कि क्या भविष्य में निशांत कुमार को विधायक बनाकर मुख्यमंत्री बनाने की संभावना पर भी चर्चा हो रही है, तो उन्होंने कहा कि हर पार्टी का अपना दृष्टिकोण होता है।
संजय पासवान ने कहा कि मुख्यमंत्री पद जैसे बड़े फैसले गठबंधन के स्तर पर लिए जाते हैं। इसलिए इस विषय पर अंतिम निर्णय एनडीए की बैठक में ही होगा। उन्होंने यह भी कहा कि गठबंधन में शामिल सभी दल बैठक में अपनी राय रखेंगे और जो सामूहिक फैसला होगा, उसे सभी स्वीकार करेंगे।
Updated on:
09 Mar 2026 02:59 pm
Published on:
09 Mar 2026 02:59 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
