9 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘चिराग होंगे बिहार के नए सरताज…’ पोस्टर से पटा पटना; नीतीश के दिल्ली जाने से पहली ही एक्टिव हुई लोजपा

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्य सभा के लिए नामांकन दाखिल करने के साथ ही बिहार के अगले सीएम को लेकर अटकलें शुरू हो गई हैं। इस बीच, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के समर्थकों ने पटना को पोस्टरों से भर दिया है, जिसमें चिराग को मुख्यमंत्री बनाने की मांग की गई है।

3 min read
Google source verification

पटना

image

Anand Shekhar

Mar 09, 2026

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान (Photo-IANS)

Bihar Politics: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के पोस्टरों ने एक बार फिर पटना की सड़कों पर हलचल मचा दी है। बिहार की राजनीति में पोस्टर वॉर कोई नई बात नहीं है, लेकिन इस बार पोस्टरों ने NDA के अंदर होने वाली भविष्य की उठापटक को सबके सामने ला दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्य सभा जाने की आधिकारिक पुष्टि और उनके नामांकन के बाद, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के कार्यकर्ताओं ने पटना के इनकम टैक्स गोलचक्कर, डाक बंगला चौराहा और गांधी मैदान जैसे इलाकों में चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने की मांग वाले पोस्टर लगाए हैं।

ना दंगा हो ना फसाद हो, बिहार का CM चिराग हो

LJP (रामविलास) शेखपुरा के जिला अध्यक्ष इमाम ग़ज़ाली द्वारा लगाए गए इन पोस्टरों में बहुत ही अग्रेसिव और इमोशनल नारे इस्तेमाल किए गए हैं। पोस्टरों पर बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा है, 'ना दंगा हो ना फसाद हो, बिहार का CM सिर्फ चिराग हो! सजाओ इनके सर पर ताज, तभी आयेगा बिहार में स्वर्ण काल…, मोदी जी का मिला अपने हनुमान को आशीर्वाद चिराग होंगे बिहार के नए सरताज।'

पोस्टर में आगे लिखा है, 'बिहार मांगे चिराग, वक्त अब आ गया है युवा मुख्यमंत्री बनाने का, NDA की होगी सरकार, CM होगा सिर्फ चिराग, सिर्फ चिराग। बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट।' ये पोस्टर ऐसे समय में आए हैं जब नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए अपना नॉमिनेशन फाइल किया है। उन्होंने खुद माना है कि उनकी संसद के दोनों सदनों का सदस्य बनने की इच्छा थी, जिसे अब वे राज्य सभा में जाकर पूरा कर रहे हैं।

चिराग के कार्यकर्ताओं का जोश हाई

राजनीतिक जानकारों का मानना ​​है कि नीतीश कुमार के राष्ट्रीय राजनीति में जाने की खबरों ने LJP(R) के कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया है। हालांकि चिराग पासवान ने हाल ही में कहा था कि नीतीश कुमार की लीडरशिप में NDA मजबूत है, लेकिन उनके कार्यकर्ताओं की यह पोस्टर पॉलिटिक्स सीधे BJP हाईकमान को मैसेज देने की कोशिश है।

पोस्टरों में चिराग पासवान को तेजस्वी यादव के मजबूत विकल्प के तौर पर दिखाया गया है, जिसमें एक युवा मुख्यमंत्री की मांग की गई है। चिराग अक्सर खुद को मोदी का हनुमान कहते रहे हैं और समर्थकों का मानना ​​है कि अब समय आ गया है कि प्रधानमंत्री बिहार की बागडोर अपने सबसे भरोसेमंद साथी को सौंप दें।

एनडीए के भीतर क्या है हलचल?

नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसे लेकर BJP के अंदर कई नामों पर चर्चा हो रही है। सम्राट चौधरी और नित्यानंद राय जैसे नेता भी इस रेस में बताए जा रहे हैं, लेकिन चिराग के समर्थकों ने उनकी दावेदारी को मजबूती से पेश करने के लिए पोस्टर लगाए हैं।

बिहार के राजनीति में मजबूत होती चिराग की पकड़

हाल के सालों में चिराग पासवान बिहार की पॉलिटिक्स में तेजी से उभरे हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में चिराग पासवान की पार्टी ने पांच सीटों पर चुनाव लड़ा और 100% स्ट्राइक रेट के साथ सभी पांचों सीटों पर जीत हासिल की। ​​इसके बाद, 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में, उनकी पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने NDA गठबंधन के हिस्से के रूप में 29 सीटों पर चुनाव लड़ा, जिसमें से 19 पर जीत हासिल की। ​​इस प्रदर्शन ने पार्टी को बिहार विधानसभा में एक मजबूत स्थिति दी।

कौन हैं चिराग पासवान?

चिराग पासवान का जन्म 31 अक्टूबर, 1982 को हुआ था। वह पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता रामविलास पासवान के बेटे हैं। राजनीति में आने से पहले, उन्होंने फिल्मों में भी काम किया। बाद में, उन्होंने पूरी तरह से राजनीति को अपना लिया और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए। वह वर्तमान में केंद्र सरकार में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री हैं और 2024 से हाजीपुर लोकसभा सीट से सांसद हैं।