पटना

Bihar Election Result: बिहार में नहीं चला भोजपुरी सितारों का जादू, खेसारी लाल और रितेश पांडे दोनों पीछे

Bihar Election Result: बिहार विधानसभा चुनाव में इस बार भोजपुरी सितारों का जादू नहीं चल पाया। राजद उम्मीदवार खेसारी लाल यादव और जनसुराज के प्रत्याशी रितेश पांडे दोनों ही अपनी अपनी सीट पर पिछड़ गए हैं। 
2 min read
• •
Updated: 15 Nov 2025, 12:57 AM IST
bihar election result
खेसारी लाल यादव और रितेश पांडे

Bihar Election Result: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में भोजपुरी इंडस्ट्री का चमकता जादू इस बार मतदाताओं पर असर नहीं दिखा पाया। भारी प्रचार, स्टारडम और सोशल मीडिया पर धूम, कुछ भी काम नहीं आया। दोपहर तक सामने आए रुझानों में साफ हो गया कि भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव और जन सुराज पार्टी के स्टार चेहरे रितेश पांडे दोनों का ही जादू नहीं चल पाया। दोनों अपनी-अपनी सीटों पर पीछे चल रहे हैं। वहीं भाजपा की लोकगायिका मैथिली ठाकुर ही एकमात्र कलाकार हैं जो कड़े मुकाबले में बढ़त बनाए हुए हैं।

छपरा में पिछड़े सुपरस्टार खेसारी लाल यादव

छपरा सीट से राजद टिकट पर उतरे खेसारी लाल यादव को भोजपुरी सिनेमा जगत का बड़ा चेहरा माना जाता है और कई विशेषज्ञ मान रहे थे कि उनका स्टारडम वोटों में तब्दील हो सकता है। लेकिन ग्राउंड की तस्वीर अलग निकली। छपरा में सातवें राउंड तक भाजपा की छोटी कुमारी 22,031 वोटों के साथ सबसे आगे रहीं। राजद उम्मीदवार शत्रुघ्न यादव उर्फ खेसारी लाल यादव 19,439 वोटों के साथ पीछे चल रहे हैं। वहीं जन सुराज के जय प्रकाश सिंह तो मुकाबले में कहीं दिख ही नहीं रहे।

भाजपा ने इस बार पुराने कैंडिडेट को हटाकर नई चेहरा छोटी कुमारी को यहां से उतारा और उनका यह दांव विपक्षी पार्टी पर भारी पड़ा। खेसारी की लोकप्रियता न सिर्फ वोट में बदलने से चूक गई, बल्कि सीट भाजपा की ओर साफ झुकती दिखी।

रितेश पांडे भी नहीं बचा पाए जन सुराज की इज्जत

जन सुराज पार्टी के स्टार उम्मीदवार और भोजपुरी गायक-अभिनेता रितेश पांडे को करगहर सीट पर जबरदस्त हार का सामना करना पड़ा। शुरुआती रुझानों में वे थोड़े समय के लिए आगे थे, जिससे जन सुराज खेमे में उत्साह आया था कि शायद PK (प्रशांत किशोर) की पार्टी को कम से कम एक जीत की उम्मीद मिल सकती है। लेकिन काउंटिंग के राउंड जैसे-जैसे बढ़ते गए, चुनावी माहौल पूरी तरह उनके खिलाफ चला गया।

14 राउंड की मतगणना के बाद तस्वीर बिल्कुल साफ हो गई। जेडीयू के वशिष्ठ सिंह को 42,749 वोट मिले और उन्होंने पहली पोजिशन कायम रखी। बसपा के उदय प्रताप सिंह को 24,985 वोट और कांग्रेस के संतोष मिश्रा को 21,557 वोट मिले। रितेश पांडे का गणित बेहद कमजोर रहा और वे सिर्फ 6,103 वोटों के साथ चौथे स्थान पर सिमट गए।​ यह न केवल हार थी, बल्कि रितेश टॉप 3 में भी जगह नहीं बना सके। PK के लिए यह दोहरी विफलता रही। पार्टी शून्य पर सिमट गई और उनका स्टार कैंडिडेट भी कठिन मुकाबले में कहीं नजर नहीं आया।

मैथिली ठाकुर ने लगातार बनाए रखी बढ़त

भोजपुरी सितारे जहां पिछड़ गए, वहीं भाजपा की 25 वर्षीय लोकगायिका मैथिली ठाकुर ने अलीनगर में मजबूत मुकाबला पेश किया। वे पहली बार चुनाव लड़ रही थीं, लेकिन प्रदर्शन दमदार रहा। राउंड 14 तक की स्थिति में मैथिली ठाकुर को 49,673 वोट मिले हैं, जबकि राजद के बिनोद मिश्रा 42,364 वोटों पर हैं। अलीनगर में लगभग 80–90% ब्राह्मण वोटर हैं, जो भाजपा के पारंपरिक आधार माने जाते हैं। हालांकि मैथिली की कम उम्र और पहली पारी की चुनौती बड़ी थी, फिर भी उन्होंने बढ़त बनाए रखी।