पटना

Bihar Election: पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह पर FIR दर्ज, होटल में ठहरने से जुड़ा है मामला, काराकाट से लड़ रही हैं चुनाव

Bihar Election: काराकाट से निर्दलीय प्रत्याशी ज्योति सिंह पर बिक्रमगंज पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। यह मामला आचार संहिता के उल्लंघन से जुड़ा हुआ है। बिक्रमगंज एसडीओ द्वारा यह मामला दर्ज कराया गया है। 
2 min read
Nov 12, 2025
काराकाट प्रत्याशी ज्योति सिंह
काराकाट प्रत्याशी ज्योति सिंह (Photo- Instagram /jyotipsingh999)

Bihar Election: भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार पवन सिंह की पत्नी और काराकाट विधानसभा क्षेत्र की निर्दलीय प्रत्याशी ज्योति सिंह पर आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। उनके साथ माता-पिता, भाई-बहन समेत कुल 18 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह मामला 11 नवंबर की रात बिना अनुमति के होटल में ठहरने से जुड़ा हुआ है। निर्वाची पदाधिकारी प्रभात कुमार ने यह प्राथमिकी दर्ज कराई है। बिक्रमगंज पुलिस ने बुधवार को इस संबंध में जानकारी दी है।

बिना अनुमति होटल में ठहरने का मामला

जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर की देर रात करीब 12:25 बजे बिक्रमगंज एसडीओ सह काराकाट विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी प्रभात कुमार ने डेहरी रोड स्थित मां विंध्यवासिनी होटल में छापेमारी की थी। उस समय होटल में ज्योति सिंह अपने परिजनों और राज्य से बाहर से आए कई लोगों के साथ ठहरी हुई थीं। चुनाव प्रचार की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद भी होटल में ठहराव आचार संहिता के उल्लंघन के दायरे में आता है।

बिना अनुमति के गाड़ियों का इस्तेमाल

निर्वाची पदाधिकारी ने अपने आवेदन में बताया कि छापेमारी के दौरान तीन गाड़ियां मौके पर खड़ी पाई गईं, जिनमें से दो गाड़ियों की अनुमति नौ नवंबर को ही समाप्त हो गई थी, लेकिन उन वाहनों का निर्वाचन अवधि में उपयोग किया जा रहा था। अधिकारियों ने यह भी कहा कि जांच के दौरान प्रत्याशी और उनके समर्थकों ने सहयोग नहीं किया, बल्कि जांच में बाधा उत्पन्न की गई।

अधिकारियों पर लगाए आरोप

ज्योति सिंह ने आरोप लगाया कि छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने महिलाओं के कमरे में जबरन प्रवेश किया, लेकिन एसडीओ प्रभात कुमार ने इसे सिरे से खारिज किया। उनका कहना है कि जब होटल का दरवाजा खोला गया, तो कमरे में महिलाएं मौजूद थीं और अधिकारी दरवाजे पर ही रुक गए थे, अंदर कोई नहीं गया।

ज्योति सिंह ने सोशल मीडिया पर अपलोड किया था वीडियो

घटना के बाद ज्योति सिंह ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने प्रशासन पर राजनीतिक षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “मुझे चुनावी तौर पर कमजोर करने के लिए प्रशासन ने बिना महिला पुलिस के होटल में छापेमारी की। मुझे घंटों परेशान किया गया।” वीडियो के वायरल होने के बाद एसडीएम प्रभात कुमार ने मीडिया से कहा कि कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही है और किसी को भी कानून से ऊपर नहीं माना जाएगा।

मामला दर्ज, जांच जारी

बिक्रमगंज थानाध्यक्ष ललन कुमार द्वारा बताया गया है कि एसडीओ के आवेदन पर बिक्रमगंज थाना कांड संख्या 765/25 दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।

Updated on:
12 Nov 2025 09:04 pm
Published on:
12 Nov 2025 09:04 pm