पटना

Bihar Election: मतगणना से पहले RJD आश्वस्त, मनोज झा बोले- 18 को नीतीश देंगे तेजस्वी को आशीर्वाद

Bihar Election: बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम को लेकर राजद पूरी तरह आश्वस्त दिख रही है। पहले तेजस्वी यादव ने और अब सांसद मनोज झा ने महागठबंधन की जीत का दावा किया है। इतना ही नहीं उन्होंने दावा किया है कि 18 नवंबर को तेजस्वी यादव सीएम पद की शपथ लेंगे। 
2 min read
Nov 13, 2025
RJD Leader Manoj Jha
राष्ट्रीय जनता दल सांसद मनोज झा (Photo: IANS)

Bihar Election: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। 14 नवंबर को होने वाली मतगणना से पहले सभी दलों के नेता लगातार बयानबाज़ी कर रहे हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने एक बार फिर से बड़ा बयान देकर चुनावी माहौल में गर्मी बढ़ा दी है। उन्होंने दावा किया कि 18 नवंबर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद तेजस्वी यादव को आशीर्वाद देने आएंगे।

18 को सब साफ हो जाएगा

राजद सांसद मनोज झा ने मीडिया से बातचीत में कहा, “घबराइए नहीं, 18 तारीख को सब कुछ साफ हो जाएगा। नीतीश कुमार खुद तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनने की बधाई और आशीर्वाद देने आएंगे।" उन्होंने कहा कि जनता ने इस बार परिवर्तन के लिए वोट दिया है और बिहार की सियासत एक नए अध्याय की ओर बढ़ रही है। मनोज झा ने आगे कहा कि यह चुनाव बिहार के युवाओं, किसानों और आम जनता की उम्मीदों से जुड़ा हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलेगा और राज्य में नई सरकार बनेगी।

एग्जिट पोल पर उठाए सवाल, 2015 का उदाहरण दिया

राजद नेता ने एग्जिट पोल में एनडीए को दिखाई जा रही बढ़त पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल का इतिहास गवाह है कि यह हमेशा सटीक नहीं होता। मनोज झा ने कहा, “साल 2015 में भी उन्होंने पटाखे फोड़ दिए थे, लेकिन जब नतीजे आए तो सारे पटाखे हमारे घर भेज दिए गए।” उन्होंने दावा किया कि इस बार भी कुछ ऐसा ही होगा। जनता ने शांति और संयम के साथ वोट किया है, और नतीजे सब कुछ बता देंगे। मनोज झा ने यह भी कहा कि बिहार के लोगों ने रोजगार और शिक्षा के लिए वोट किया है, और यह जनादेश निश्चित रूप से बदलाव का होगा।

सुनील सिंह के बयान पर दी सफाई

जब उनसे आरजेडी एमएलसी सुनील कुमार सिंह के उस बयान पर सवाल पूछा गया, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर वोट चोरी हुई तो नेपाल- बांग्लादेश जैसे हालात बन जाएंगे, तो मनोज झा ने उसका बचाव किया। उन्होंने कहा कि लोग बयान के शब्दों पर फंस गए हैं, जबकि उसका आशय कुछ और था। आप लोग गलत शब्द को लेकर बैठे हैं। उन्होंने जो बात कही, वह दूसरे संदर्भ में थी। उसे गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। मनोज झा ने कहा कि राजद हमेशा लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखती है और पार्टी का मकसद मतगणना प्रक्रिया की पारदर्शिता को बनाए रखना है।

महागठबंधन को डिस्टिंक्शन में जीत का भरोसा

जब उनसे पूछा गया कि महागठबंधन कितनी सीटें जीत सकता है, तो उन्होंने जवाब दिया कि डिस्टिंक्शन से जीतेंगे। उन्होंने कहा कि यह चुनाव महागठबंधन के पक्ष में गया है और बिहार की जनता ने तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री के रूप में देखने का मन बना लिया है। मनोज झा ने दावा किया कि महागठबंधन को 75% तक सीटों पर बढ़त मिलेगी। उन्होंने कहा, “हम एग्जिट पोल की चिंता नहीं करते। हमारा भरोसा जनता पर है। 14 नवंबर की मतगणना के बाद सब साफ हो जाएगा।”

Updated on:
13 Nov 2025 05:26 pm
Published on:
13 Nov 2025 05:25 pm