पटना

Bihar Election: ‘गड़बड़ी हुई तो बिहार में दिखेगा नेपाल, बांग्लादेश जैसा नजारा’, काउंटिंग से पहले RJD MLC का भड़काऊ बयान

Bihar Election: RJD MLC सुनील कुमार सिंह ने मतगणना करने वाले अधिकारियों को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर मतगणना में गड़बड़ी हुई तो बिहार की सड़कों पर कुछ ऐसा दिखने को मिलेगा जो पहले कभी नहीं देखा गया है। उनहोए कहा कि बिहार में नेपाल और बांग्लादेश जैसा नजारा देखा जा सकता है। 
2 min read
Nov 13, 2025
Bihar Election
राजद MLC सुनील कुमार सिंह

Bihar Election:बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे आने से पहले सियासी बयानबाज़ी चरम पर है। मतगणना से ठीक एक दिन पहले राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधान परिषद सदस्य (MLC) सुनील कुमार सिंह ने मतगणना प्रक्रिया को लेकर बेहद तल्ख़ और विवादित बयान दिया है। उन्होंने चुनाव आयोग और प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर मतगणना में किसी भी तरह की गड़बड़ी हुई, तो बिहार में नेपाल और बांग्लादेश जैसा भयावह नज़ारा देखने को मिल सकता है।

मतगणना अधिकारियों को खुली चेतावनी

सुनील कुमार सिंह ने सीधे तौर पर रिटर्निंग ऑफिसर (RO) और मतगणना में शामिल अधिकारियों को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा, "अधिकारी सचेत हो जाएं, क्योंकि इस बार का मतदान बदलाव के लिए हुआ है। 2025 में तेजस्वी यादव की सरकार बनने वाली है। यह चुनाव महागठबंधन के पक्ष में गया है और जनता ने तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए वोट किया है। अगर जनादेश को दबाने की कोशिश की गई, तो बिहार की जनता चुप नहीं बैठेगी।"

उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, "कुछ अधिकारी हारने वाले उम्मीदवार को जिताने की कोशिश कर रहे हैं। रिटर्निंग ऑफिसर अगर गलत करेगा तो इस बार बिहार में ऐसा नज़ारा दिखेगा, जो पहले कभी नहीं देखा गया होगा। हाथ जोड़कर विनती है कि निष्पक्ष रहें, वरना सड़कों पर वह दृश्य दिखेगा जिसकी कल्पना तक नहीं की जा सकती।"

बिहार में दिखेगा नेपाल-बांग्लादेश जैसा नजारा

सुनील कुमार सिंह ने 2020 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय कई सीटों पर चार-चार घंटे तक मतगणना रोकी गई थी। उन्होंने कहा, "अगर इस बार भी वैसा हुआ तो बिहार की सड़कों पर नेपाल और बांग्लादेश जैसा नज़ारा देखने को मिलेगा। अगर अधिकारियों ने गड़बड़ी की कोशिश की तो या तो उम्मीदवार बाहर आएगा, या अधिकारी बाहर आएगा। जनता अब जाग चुकी है।"

एग्जिट पोल को बताया साजिश

RJD नेता ने एग्जिट पोल के नतीजों पर भी सवाल उठाए और कहा कि 11 नवंबर को मतदान खत्म होते ही एग्जिट पोल आना शुरू हो गए, जबकि उस समय मतदाता अभी भी वोट डालने के लिए लाइन में थे। ऐसा लगा जैसे एक ही बस से सब उतरकर NDA को जिताने लगे। उन्होंने दावा किया कि बिहार में 4 करोड़ 98 लाख वोट पड़े, फिर भी एग्जिट पोल RJD को 50 से कम सीटें दिखा रहे हैं। यह अचंभित करने वाला है।

सुनील सिंह ने सवाल उठाते हुए कहा, "ज़मीनी स्तर पर वोट महागठबंधन को मिला है, फिर NDA को जीत कैसे मिल सकती है?" उन्होंने आरोप लगाया कि एग्जिट पोल एक पूर्व-निर्धारित साजिश का हिस्सा हैं, जो एनडीए के पक्ष में माहौल बनाने और मतगणना को प्रभावित करने की कोशिश का हिस्सा है।

जनता अब जाग चुकी है

RJD MLC ने दावा किया कि बिहार की जनता अब पूरी तरह जाग चुकी है और इस बार का मतदान बदलाव के लिए हुआ है। उन्होंने कहा, "यह वोट तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए दिया गया है। 2025 में महागठबंधन की सरकार बनने वाली है। कल विपक्ष नहीं, पक्ष में रहेंगे और आज तक के सारे रिकॉर्ड टूट जाएंगे।"

Updated on:
13 Nov 2025 02:09 pm
Published on:
13 Nov 2025 01:58 pm