पटना

विकास वैभव बने मगध IG, अमित लोढ़ा को नई जिम्मेदारी; 16 IPS अधिकारियों का ट्रांसफर

Bihar IPS Transfer: बिहार सरकार ने रविवार को विकास वैभव समेत 16 IPS अधिकारियों का तबादला कर दिया। गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार इस फेरबदल में DG और ADG रैंक के कई अधिकारियों के कार्यभार में बदलाव किए गए हैं।
2 min read
• •
May 10, 2026
Bihar IPS Transfer posting
IPS विकास वैभव और IPS अमित लोढ़ा

Bihar IPS Transfer: बिहार सरकार ने रविवार को प्रशासनिक स्तर पर एक बड़ा फेरबदल किया है। सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा के 16 वरिष्ठ अधिकारियों का ट्रांसफर कर दिया है। गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार इस फेरबदल में महानिदेशक (DG), अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) और पुलिस महानिरीक्षक (IG) स्तर के अधिकारी शामिल हैं। इस सूची में विकास वैभव और अमित लोढ़ा के नाम भी हैं, जिन्हें नई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

विकास वैभव की फील्ड में वापसी

लंबे समय से मुख्यधारा की पुलिसिंग से दूर रहे 2003 बैच के IPS अधिकारी विकास वैभव की फील्ड में प्रभावशाली वापसी हुई है। उन्हें मगध क्षेत्र (गया) का पुलिस महानिरीक्षक (IG) नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे बिहार राज्य योजना पर्षद में परामर्शी के पद पर तैनात थे।

अमित लोढ़ा को मिली नई कमान

वहीं, वेब सीरीज 'खाकी: द बिहार चैप्टर' से चर्चित हुए 1998 बैच के IPS अधिकारी अमित लोढ़ा को अपर पुलिस महानिदेशक (ADG), तकनीकी सेवाएं एवं संचार बनाया गया है। अमित लोढ़ा इससे पहले राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो में तैनात थे।

ईओयू और विधि-व्यवस्था में बड़ा बदलाव

बिहार की महत्वपूर्ण शाखा आर्थिक अपराध इकाई (EOU) और विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में भी बड़ा परिवर्तन किया गया है। 1996 बैच के अमित कुमार जैन को मद्यनिषेध इकाई से हटाकर आर्थिक अपराध इकाई (EOU) में अपर पुलिस महानिदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

EOU के प्रमुख रहे 1996 बैच के नैयर हसनैन खान को अब बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) का ADG बनाया गया है। 1996 बैच के ही सुधांशु कुमार को विधि-व्यवस्था का नया ADG बनाया गया है। साथ ही वे यातायात के ADG का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।

महानिदेशक (DG) स्तर पर ट्रांसफर

अधिसूचना के अनुसार, हाल ही में पदोन्नत हुए अधिकारियों को भी नए पदों पर तैनात किया गया है। 1994 बैच के डॉ. परेश सक्सेना महानिदेशक-सह-आयुक्त, असैनिक सुरक्षा, बिहार के पद पर पदस्थापित किए गए हैं। 1994 बैच के ही निर्मल कुमार आजाद को पदोन्नति के बाद पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) की जिम्मेदारी दी गई है।

अन्य महत्वपूर्ण तबादले

1998 बैच के अमृत राज को साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई का ADG बनाया गया है, जो राज्य में बढ़ते डिजिटल अपराधों पर लगाम लगाने का काम करेंगे। 1998 बैच की कासे सुहिता अनुपम को गृह विभाग की विशेष सचिव से हटाकर अपराध अनुसंधान विभाग में ADG (कमजोर वर्ग) बनाया गया है।

2008 बैच के संजय कुमार को पुलिस महानिरीक्षक (IG) विशेष शाखा की कमान सौंपी गई है। वहीं, मगध रेंज के IG रहे 2005 बैच के क्षत्रनील सिंह को अब गृह विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात किया गया है।

Updated on:
10 May 2026 05:32 pm
Published on:
10 May 2026 05:13 pm
Also Read
View All
Bihar MLC Election: जन सुराज प्रत्याशी के समर्थन में उतरे अनंत सिंह, बोले- आज तक हारे नहीं तो अब कैसे हारेंगे

RJD ने मायावती की मांग का किया समर्थन, मंगनी लाल मंडल बोले- बूथ कैप्चरिंग पकड़ी जाती थी, मशीन में चुपके से हो रहा खेल

‘हर जगह पुलिस नहीं हो सकती, एक-दो घटनाओं से बिहार को बदनाम न करें’, चिराग पासवान के बयान पर बोले जदयू सांसद देवेश चंद्र ठाकुर

Bihar MLC Election: अनुज सिंह विवाद पर प्रशांत किशोर की दो टूक, बोले- संगीन केस वाले को टिकट का सवाल ही नहीं, सबूत है तो सामने लाइए

पटना में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन पर लाठीचार्ज, संदीप सौरव बोले- 13 करोड़ नाम काटे गए, गिरफ्तारी तक लड़ेंगे