पटना

Bihar Government Land News: सरकारी जमीन पर बसे गरीबों को मिलेगा मालिकाना हक, बस करना होगा ये काम

Bihar Government Land News: बिहार सरकार अब सरकारी जमीन पर वर्षों से रह रहे भूमिहीन गरीब परिवारों को मालिकाना हक देने की तैयारी कर रही है। इसके तहत पात्र लोगों की जांच के बाद जिलाधिकारियों के आदेश से जमीन का अधिकार दिया जाएगा।
2 min read
May 14, 2026
Dilip Jaiswal
दिलीप जायसवाल। फोटो- बिहार बीजेपी सोशल साइट

Bihar Government Land News: बिहार सरकार लंबे समय से सरकारी जमीन पर रह रहे लोगों के लिए एक बड़ी योजना पर काम कर रही है। इसके लागू होने के बाद सरकारी जमीन पर बसे गरीब परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। राज्य के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने जानकारी देते हुए कहा कि सरकार अब ऐसे लोगों को उस जमीन का मालिकाना हक देने की तैयारी कर रही है। इस फैसले से राज्य के लाखों गरीब परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। मंत्री ने बताया कि इस निर्णय को लागू करने से पहले आवश्यक जानकारी और कागजी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद सरकार इस दिशा में आगे की कार्रवाई शुरू करेगी।

सरकारी जमीन पर बसे गरीबों को मिलेगा मालिकाना हक

राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य गरीबों को सरकारी और प्रशासनिक जटिलताओं से राहत दिलाना है। उन्होंने आगे कहा कि अक्सर सरकारी जमीन पर बसे गरीब अपने घर के मालिकाना हक या रसीद कटवाने के लिए अंचल अधिकारी (सीओ) और अन्य सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाते रहते हैं। सरकार अब उन्हें राहत देने के लिए एक ऐसी व्यवस्था तैयार कर रही है, जिससे उन्हें कागजात के लिए दर-दर भटकना नहीं पड़ेगा। मंत्री ने बताया कि जल्द ही जिलाधिकारियों (DM) को इस संबंध में एकमुश्त आदेश जारी किया जाएगा। जांच के बाद पात्र लोगों को जमीन का मालिकाना हक भी सौंपा जाएगा। इससे न केवल भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी, बल्कि गरीबों को सीधा लाभ भी मिलेगा।

भूमिहीन गरीबों को ही मिलेगा लाभ

मालिकाना हक देने की इस प्रक्रिया को लेकर सरकार ने कुछ महत्वपूर्ण शर्तें निर्धारित की हैं। यह लाभ केवल उन्हीं लोगों को मिलेगा, जिनकी जमीन के आवंटन से कोई सरकारी कार्य या इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजना प्रभावित न हो। अर्थात, जिस स्थान पर घर स्थित है, वहां से कोई मुख्य सड़क, नाला, पुल या पुलिया निर्माण प्रस्तावित नहीं होना चाहिए और वह जमीन किसी भी सार्वजनिक उपयोग में बाधा नहीं बननी चाहिए।

सरकार केवल ऐसी ही जमीन का मालिकाना हक प्रदान करेगी। इसके अलावा, यदि लाभार्थी के पास कहीं और निजी भूमि है, तो उसे इस योजना का लाभ नहीं दिया जाएगा। यह योजना विशेष रूप से भूमिहीन और जरूरतमंद गरीबों के लिए ही है।

Updated on:
14 May 2026 09:20 pm
Published on:
14 May 2026 09:14 pm