पटना

Bihar Politics: नीतीश युग का अंत, बीजेपी विधायक दल की बैठक में आज चुना जाएगा बिहार का नया मुख्यमंत्री

नीतीश कुमार के बाद बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका एलान आज (मंगलवार) शाम एनडीए की बैठक में होने की संभावना है। इस बैठक के लिए एनडीए के सभी विधायकों को पटना पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।

3 min read
Apr 14, 2026
सम्राट चौधरी-नीतीश कुमार (फोटो-X@NitishKumar)

Bihar Politics बिहार को आज नया मुख्यमंत्री मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज अपनी आखिरी कैबिनेट बैठक करेंगे, जिसके बाद वे राज्यपाल से मिलकर अपना इस्तीफा सौंपेंगे। इस्तीफे के बाद शाम 4 बजे वे बिहार विधानसभा के सेंट्रल हॉल में आयोजित NDA की बैठक में शामिल होंगे।

इससे पहले, बीजेपी के प्रदेश कार्यालय में केंद्रीय पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें पार्टी अपने नेता का चयन करेगी। इसके बाद NDA विधायक दल की एक बड़ी बैठक आयोजित की गई है, जिसमें नए नेता के नाम की औपचारिक घोषणा की जाएगी।

ये भी पढ़ें

पटना में हलचल तेज: सम्राट चौधरी के घर पहुंचे राजभवन के अधिकारी, मुख्यमंत्री के नाम पर बढ़ी सरगर्मी

बीजेपी बिहार इकाई के अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान मंगलवार को पटना पहुंच रहे हैं और उनकी मौजूदगी में बीजेपी विधायक अपने नेता का चुनाव करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि भारत की आजादी के बाद पहली बार बिहार में बीजेपी का कोई नेता मुख्यमंत्री बनेगा।

लोक भवन में नई सरकार का शपथ समारोह

गृह विभाग के अधिकारियों के अनुसार, नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह संभावित रूप से 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में प्रधानमंत्री सहित भाजपा के कई शीर्ष नेताओं के लोक भवन में शामिल होने की संभावना है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मंगलवार को पटना पहुंच रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री या केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह में से कोई एक शामिल हो सकता है। तैयारियों की समीक्षा के लिए सोमवार शाम को लोक भवन में वरिष्ठ अधिकारियों की एक उच्च-स्तरीय बैठक भी आयोजित की गई।

नीतीश कुमार आज देंगे इस्तीफा

नीतीश कुमार एक सप्ताह पहले ही राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ले चुके हैं। मंगलवार सुबह 11 बजे होने वाली अपनी आखिरी कैबिनेट बैठक के तुरंत बाद उनके राजभवन जाकर अपना इस्तीफा सौंपने की संभावना है। इस बैठक में उनके द्वारा औपचारिक रूप से पद छोड़ने की घोषणा किए जाने की भी उम्मीद है।

NDA विधायकों को 14–15 अप्रैल को पटना में रहने का आदेश

भाजपा आलाकमान ने उन सभी विधायकों को तुरंत पटना लौटने के निर्देश दिए हैं, जिन्हें फिलहाल पश्चिम बंगाल चुनावों के लिए तैनात किया गया है। एक भाजपा नेता ने कहा कि बिहार भाजपा के जो विधायक इस समय पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि कल होने वाली बैठक में उनकी उपस्थिति अनिवार्य है। NDA के 202 विधायकों के लिए भी इसी तरह का निर्देश जारी किया गया है। सभी NDA विधायकों को 14 और 15 अप्रैल को पटना में ही उपस्थित रहने को कहा गया है।

अटकलों के बीच भाजपा नेता यह जोर दे रहे हैं कि अंतिम निर्णय केंद्रीय नेतृत्व के हाथ में है, जिससे किसी अप्रत्याशित नाम के चुने जाने की संभावना भी बनी हुई है—जैसा कि पहले अन्य राज्यों में नेतृत्व चयन के दौरान देखा गया है। उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा, “यह हमारे लिए भावुक क्षण है। हमें उम्मीद है कि नीतीश कुमार नई सरकार का मार्गदर्शन करते रहेंगे।”

NDA के पास 202 सीटें, भाजपा सबसे बड़ी पार्टी

243 सदस्यीय बिहार विधानसभा में NDA के पास 202 सीटों के साथ स्पष्ट और मजबूत बहुमत है। इसमें भाजपा सबसे बड़ी पार्टी है, जिसके पास 89 सीटें हैं। इसके बाद जेडीयू के पास 85 सीटें हैं। वहीं, एलजेपी (आरवी), एचएएम और आरएलएम जैसे छोटे सहयोगी दल शेष सीटों के साथ गठबंधन का हिस्सा हैं।

संभावित पूरा शेड्यूल

14 अप्रैल को सुबह 11 बजे कैबिनेट की बैठक
इस बैठक के बाद नीतीश राज्यपाल सैयद अता हसनैन को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं।
बीजेपी कार्यालय में दोपहर 3 बजे बीजेपी विधायक दल की बैठक
इस बैठक की अध्यक्षता पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान करेंगे.
4 बजे NDA विधायक दल की बैठक होगी।
इस बैठक में NDA के विधायक दल का नेता चुना जायेगा।
15 अप्रैल को नए मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह

ये भी पढ़ें

Bihar Politics: जदयू दफ्तर से हटाए गए नीतीश कुमार के पोस्टर, क्या नया चेहरा संभालेगा कमान?
Published on:
14 Apr 2026 07:55 am
Also Read
View All