पटना

Bihar New Cabinet: लेशी, श्रेयसी और रमा… नीतीश कुमार की नई कैबिनेट की 3 महिला मंत्री कौन?

Bihar New Cabinet: बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार ने शपथ ले ली है। उनके साथ 26 मंत्रियों ने भी शपथ ली। शपथ लेने वालों में तीन महिला विधायक भी हैं। इनमें से दो महिला भाजपा कोटे से और एक जदयू कोटे से मंत्री बनी हैं। 

2 min read
Nov 20, 2025
bihar new cabinet
लेशी सिंह, रमा निषाद और श्रेयसी सिंह

Bihar New Cabinet: बिहार में गुरुवार को नीतीश कुमार ने रिकॉर्ड दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ डिप्टी सीएम के रूप में सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा सहित कुल 26 मंत्रियों ने शपथ ली, जिनमें तीन प्रभावशाली महिला नेता भी शामिल हैं। नई कैबिनेट में जगह पाने वाली ये महिलाएं अपने-अपने क्षेत्र में मजबूत पहचान रखती हैं। ये तीनों महिला मंत्री अलग-अलग पृष्ठभूमि से आती हैं। एक खेल जगत की स्टार, दूसरी स्थानीय निकायों से उठकर बनीं नेता और तीसरी एक अनुभवी विधायक जो पहले भी मंत्री रही चुकी हैं।

श्रेयसी सिंह (भाजपा) - बिहार की ‘गोल्डन गर्ल’ अब कैबिनेट में

34 वर्षीय श्रेयसी सिंह बिहार की राजनीति में सबसे युवा और चर्चित चेहरों में से एक हैं। वह एक फेमस निशानेबाज (शूटर) हैं और कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडलिस्ट भी रह चुकी हैं, जिसके कारण उन्हें बिहार की 'गोल्डन गर्ल' के नाम से जाना जाता है। श्रेयसी सिंह ने पेरिस ओलिम्पिक में भी हिस्सा लिया था, हालांकि वहां वो कोई मेडल नहीं जीत पाईं थी। वह पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह की बेटी हैं।

उन्होंने जमुई विधानसभा क्षेत्र से 2020 में पहली बार विधायक बनकर अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की थी। 2025 के चुनाव में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए रिकॉर्ड 54,498 वोटों की विशाल जीत दर्ज की। जमुई से लगातार दूसरी बार जीतकर अब मंत्री पद पाकर उन्होंने नया मुकाम हासिल किया है। खेल जगत से राजनीति में आईं श्रेयसी बिहार की नई पीढ़ी की महिला नेताओं में सबसे चर्चित नाम में से एक हैं।

रमा निषाद (भाजपा) – निषाद समाज का प्रतिनिधित्व

58 वर्षीय रमा निषाद मुजफ्फरपुर की औराई सीट से पहली बार विधायक बनी हैं। उन्होंने 57,206 वोटों के बड़े अंतर से वीआईपी उम्मीदवार भोगेंद्र सहनी को हराया है। वह पूर्व सांसद अजय निषाद की पत्नी और भाजपा के वरिष्ठ नेता कैप्टन जयनारायण निषाद की बहू हैं। उनका राजनीतिक करियर हाजीपुर नगर परिषद की वार्ड पार्षद, उपाध्यक्ष और चेयरमैन के रूप में शुरू हुआ था, जिससे उन्हें जमीनी स्तर का अनुभव है। इस बार के चुनाव में भाजपा ने निषाद समाज के प्रतिनिधित्व के लिए उन्हें टिकट दिया था। उनकी घोषित संपत्ति 31.9 करोड़ रुपये है, जो उन्हें धनी विधायकों में शामिल करती है।

लेशी सिंह (जदयू) – पांच बार की विधायक और नीतीश की भरोसेमंद नेता

लेशी सिंह जदयू की सबसे सीनियर महिला नेताओं में से एक मानी जाती हैं और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की लंबे समय की विश्वासपात्र रही हैं। वह बिहार के पूर्णिया जिले की धमदाहा विधानसभा क्षेत्र से पाँच बार की विधायक हैं। उन्होंने इस बार 34,000 के करीब वोटों से विशाल जीत दर्ज की है। वह पहले बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। 2014 में वह पहली बार उद्योग, समाज कल्याण और आपदा प्रबंधन विभाग की मंत्री बनी थीं, इसके बाद 2024 में उन्हें खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की जिम्मेदारी दी गई थी। अब एक बार फिर से 2025 में उन्होंने मंत्री पद की शपथ ली है।

Updated on:
20 Nov 2025 02:37 pm
Published on:
20 Nov 2025 01:19 pm