पटना

Bihar Weather: बिहार में दिखने लगा सर्दी का असर, जानें कब से पड़ेगी कड़ाके की ठंड

Bihar Weather:  बिहार में सर्दी पूरी तरह एक्टिव है। मौसम विभाग का कहना है कि नवंबर के अंत और दिसंबर की शुरुआत में ठंड बढ़ने की संभावना है। 
2 min read
Nov 13, 2025
Chhattisgarh Weather news
छत्तीसगढ़ के कई जिलों में शीतलहर के हालात ( File Photo Patrika )

Bihar Weather: बिहार में मौसम का मिज़ाज तेजी से बदल रहा है। प्रदेश के दक्षिण और पश्चिमी इलाकों में न्यूनतम तापमान में गिरावट की वजह से सुबह और शाम में ठंडक महसूस होने लगी है। अब दिन में मीठी धूप प्यारी लग रही है। बिहार में दिन का तापमान 30°C के आस पास है जबकि रात का तापमान 11°C के आस पास बना हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि नवंबर में अभी और तापमान गिर सकता है। जिसकी वजह से ठंड बढ़ सकती है। दिसंबर की शुरुआत होते ही तापमान एक अंक में भी आ सकता है।

रात का तापमान और गिरेगा

औरंगाबाद में बुधवार की रात का न्यूनतम तापमान 11.9°C दर्ज किया गया। सर्द हवा की वजह से बिहार में पिछले दो से तीन दिनों से रात का तापमान 11-12°C के बीच बना है। मौसम विभाग के अनुसार बिहार में नवंबर आखिरी और दिसंबर के शुरुआती हफ्ते में पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने की संभावना है। इसकी वजह से ठंड में बढ़ोतरी होगी। रात का तापमान 10°C से भी नीचे जाने की संभावना है। फिलहाल कुहासे और धुंध की स्थिति ऐसे ही जारी रहने की संभावना है।.

आज कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार आज कई जिलों में सुबह और शाम के समय धुंध छाए रहने की संभावना है। रात के समय तापमान 11-16°C के बीच और दिन के समय तापमान 26-30°C के बीच रहने की संभावना है। कई जिलों में पछुआ हवा के हल्के से मध्यम गति (30 किमी/घंटा तक) से चलने की वजह से तापमान और गिरने की संभावना है। ठंड भी बढ़ सकती है।

झारखंड से सटे जिलों में बढ़ी ठंड

बिहार में बुधवार को दिन का तापमान 26.2-31°C के बीच रहा। जबकि रात का तापमान 11.9-18°C के बीच रहा। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 31.0°C मोतिहारी में दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.9°C औरंगाबाद मे दर्ज किया गया। झारखण्ड की सीमा से सटे होने की वजह से दक्षिण बिहार के जिले जैसे कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, जमुई में अधिक ठंड महसूस की जा रही है।

Updated on:
13 Nov 2025 08:01 am
Published on:
13 Nov 2025 08:01 am