पटना

बिहार के 14 जिलों में येलो अलर्ट: बारिश के साथ गिर सकते हैं ओले, 50 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

Bihar Weather: बिहार में बीते कुछ दिन से हो रही बारिश का दौर आज भी जारी रहेगा। मौसम विभाग ने 14 जिलों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी। 
2 min read
May 08, 2026
Bihar weather
बिहार में आज होगी झमाझम बारिश। फोटो - पत्रिका

Bihar Weather: बिहार में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश ने मौसम के मिजाज को पूरी तरह से बदल दिया है। मई की चिलचिलाती गर्मी के बीच, राज्य के कई हिस्सों में सक्रिय प्री-मॉनसून के कारण हुई बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी है। मौसम विभाग ने आज भी राज्य के 14 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं। इस दौरान हवा की रफ़्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी पर असर पड़ सकता है।

इन जिलों में बारिश का येलो अलर्ट

आईएमडी के अनुसार, मौसम का असर सबसे ज्यादा उत्तरी और पूर्वी बिहार के जिलों में देखने को मिलेगा। जिन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, उनमें सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज शामिल हैं। इन इलाकों के लोगों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

आने वाले दिनों के लिए मौसम का पूर्वानुमान

मौसम विभाग का कहना है कि बिहार में प्री-मॉनसून गतिविधियां अभी काफी सक्रिय हैं। मौसम में यह बदलाव बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी और पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण दिख रहा है। 10 मई से एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके कारण गरज-चमक, बारिश और ओले गिरने का सिलसिला 11 मई तक जारी रहने की उम्मीद है। राजधानी पटना सहित दक्षिणी बिहार के जिलों में भी बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी।

मई में बारिश का रिकॉर्ड टूटा

आंकड़ों पर नजर डालें तो इस साल मई की शुरुआत से ही बिहार में मॉनसून जैसा मौसम बना हुआ है। 7 मई तक राज्य में सामान्य से 206 प्रतिशत ज्यादा बारिश दर्ज की जा चुकी थी। आमतौर पर साल के इस समय तक केवल 33.8 mm बारिश ही दर्ज की जाती है। हालांकि, इस बार यह आंकड़ा 103 mm के निशान को पार कर गया है। पिछले 24 घंटों में पूर्वी चंपारण और सीवान जैसे जिलों में भारी बारिश रिकॉर्ड की गई।

कहां कितनी बारिश हुई

तापमान 5 डिग्री नीचे गिरा

राज्य में लगातार हो रही बारिश और ठंडी हवाओं के कारण, पटना और उसके आस-पास के इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिर गया है, जिससे मई महीने में आमतौर पर पड़ने वाली भीषण गर्मी से कम से कम फिलहाल के लिए राहत मिल गई है।

Published on:
08 May 2026 08:13 am