
प्रशांत किशोर ने भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में उनके परिवार से मुलाकात की। (फोटो- X/JanSuraajOnline)
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहार के चर्चित भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में उनके परिवार से मुलाकात की। उन्होंने गांव पहुंचकर भरत की मां, भाभी और बहन से बात की।
इस दौरान, प्रशांत किशोर ने कहा कि सिर्फ पुलिसवालों पर कार्रवाई नहीं, बल्कि बिहार के गृह मंत्रालय से आदेश देने वालों की भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि पटना से आदेश के बाद ही एनकाउंटर हुआ है, बिना आदेश के ऐसी कार्रवाई नहीं होगी।
प्रशांत किशोर ने कहा कि भरत पागल नहीं थे। सिस्टम और अफसरों ने उन्हें इतना परेशान कर दिया था कि वह समझ ही नहीं पा रहा थे कि क्या करे।
उन्होंने मांग की कि न्याय तभी होगा जब हत्याकांड को अंजाम देने वालों के साथ-साथ उन लोगों को भी घसीटा जाए जिनके इशारे पर यह सब हुआ।
प्रशांत किशोर ने सम्राट चौधरी के उस बयान पर तीखा हमला बोला जिसमें उन्होंने कहा था कि किसी लड़के ने पुलिस पर बंदूक तान दी।
किशोर ने कहा- जब सम्राट खड़े होकर कह रहे थे कि डीजीपी ने उन्हें बताया कि कोई लड़का पुलिस को बंदूक दिखा रहा है, तो उन्होंने आदेश दिया कि कोई पुलिस को बंदूक कैसे दिखा सकता है?
जनसुराज नेता ने आगे कहा कि भाई, यह संवेदनहीन नेता का नतीजा है जो सोचता है कि पुलिसिंग का मतलब है गोली चलाना है। पुलिसिंग गोली मारने से नहीं होती। उन्होंने कहा कि बिहार में पुलिसिंग का यह रवैया आम लोगों के लिए खतरा बन गया है।
प्रशांत किशोर ने स्पष्ट किया कि कोई भी पुलिस अधिकारी पटना से बिना आदेश के फायरिंग नहीं कर सकता। इसलिए जांच में यह जरूर पता चलना चाहिए कि फायरिंग का आदेश किसने दिया। अगर होम मिनिस्ट्री या होम डिपार्टमेंट की भूमिका है तो उसकी भी जांच हो।
प्रशांत किशोर ने सीएम सम्राट चौधरी को 15 दिनों अल्टीमेटम भी दिया। उन्होंने साफ कहा- अगर 15 दिनों में दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो हम पटना जायेंगे, सम्राट चौधरी से मिलेंगे और न्याय के लिए उनके आवास और कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन करेंगे।
भरत तिवारी के परिवार से मुलाकात के बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि उनकी मां, भाभी और बहन न्याय चाहती हैं। न्याय सिर्फ निचले स्तर के पुलिसकर्मियों तक सीमित नहीं होना चाहिए। जिन लोगों ने माहौल बनाया, उन्हें भी जवाबदेह बनाना होगा।
उन्होंने पूरे मामले को बिहार पुलिस की संवेदनशीलता की कमी का उदाहरण बताया। किशोर ने युवाओं और आम नागरिकों से अपील की कि वे इस मुद्दे पर आवाज उठाएं ताकि ऐसे एनकाउंटर भविष्य में न दोहराए जाएं।जन सुराज नेता ने भरत तिवारी परिवार को हर संभव मदद का भरोसा भी दिया।
Published on:
24 Jun 2026 04:01 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
