
भरत भूषण तिवारी की मां के साथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम। फोटो-पत्रिका
Bharat Bhushan Tiwari Encounter: भरत भूषण तिवारी की मां और भाभी ने राजस्थान पत्रिका से बातचीत में पुलिस के व्यवहार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि एफआईआर की कॉपी लेने के लिए थाने जाने पर पुलिसकर्मी उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हैं और गाली-गलौज करते हैं। परिजनों का आरोप है कि जो लोग उनकी मदद के लिए आगे आ रहे हैं, उनके खिलाफ भी पुलिस एफआईआर दर्ज कर रही है। भरत भूषण तिवारी की बहन ने दावा किया कि परिवार और समर्थकों के खिलाफ तीन नई एफआईआर दर्ज की गई हैं। उनका कहना है कि एफआईआर की प्रतिलिपि मांगने पर भी पुलिस सहयोग नहीं कर रही है। परिजनों ने आरोप लगाया कि कुछ पुलिस अधिकारी, जिनमें डीएसपी भी शामिल हैं, उनके साथ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं।
परिवार का यह भी कहना है कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं। उनके अनुसार, पुलिसकर्मी यह कहकर डराने की कोशिश कर रहे हैं कि मामला शांत होने के बाद उनकी मदद करने वाला कोई नहीं होगा। परिजनों का दावा है कि इन परिस्थितियों के कारण पूरा परिवार दहशत में है और जो लोग पहले उनकी मदद कर रहे थे, वे भी अब आगे आने से डर रहे हैं।
इधर, भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में अब एक नया मोड़ सामने आया है। भरत तिवारी को न्याय दिलाने की मांग को बिहार के साथ-साथ पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश से भी समर्थन मिलने लगा है। सूत्रों के अनुसार, भोजपुर जिले के बिलौटी गांव में 24 जून को सर्व समाज की एक बड़ी महापंचायत आयोजित किए जाने की तैयारी है। इस महापंचायत में बिहार और उत्तर प्रदेश की 36 बिरादरियों के 10 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि महापंचायत का आयोजन 24 जून को दोपहर 12 बजे से बिलौटी स्थित प्राचीन कुंडवा शिव मंदिर परिसर में होगा। इसका मुख्य उद्देश्य भरत तिवारी को न्याय दिलाने की मांग को मजबूती देना और विभिन्न समाजों के लोगों को एक मंच पर एकत्रित करना है।
महापंचायत को सफल बनाने के लिए आयोजकों ने क्षेत्र की सभी बिरादरियों से भागीदारी की अपील की है। इसके लिए पोस्टर और जनसंपर्क अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया जा रहा है।
Updated on:
22 Jun 2026 12:53 pm
Published on:
22 Jun 2026 12:29 pm
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
