
अवध ओझा की फोटो
Avadh Ojha on Khan Sir: पटना के ज्ञान बिंदु GS एकेडमी के डायरेक्टर रोशन आनंद और फैजल खान उर्फ खान सर के बीच चल रहे विवाद में अब देश के जाने-माने शिक्षक अवध ओझा सर की एंट्री हो गई है। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में अवध ओझा सर ने खान सर को भेजे गए मैसेज के बारे में बताया और खान सर की PR टीम के दावों पर सवाल उठाए हैं।
ज्ञान बिंदु एकेडमी के रोशन आनंद और खान सर के बीच हुए विवाद पर बोलते हुए ओझा सर ने बताया कि उन्होंने मामले को शुरुआत में ही शांत करने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा, "जब ये घटना घटी, तो मैंने खुद खान सर को मैसेज किया कि मत यार, ये सब मामला मत बढ़ाओ, क्या कर रहे हो यार, फंस जाओगे। चूंकि रोशन आनंद का नंबर मेरे पास था नहीं, तो मैंने खान सर को ही सीधे मैसेज किया और कहा कि भाई ऐसा ना करो, फंस जाओगे, ये सब गलत बात है। टीचरों को आपस में नहीं लड़ना चाहिए। तुरंत समझौता करो, सुलह करो। वो सारा मैसेज मेरे पास आज भी मोबाइल में सुरक्षित पड़ा हुआ है।"
अवध ओझा ने आगे कहा, "हमें क्या पता यार कि भीतर कौन सी कहानी चल रही है और असलियत क्या है? हम कोई सीबीआई हैं, सीआईडी हैं, RAW में काम करते हैं कि हम मोसाद हैं? शुरुआत में हमें भी यही दिख रहा था कि भाई कोचिंग सस्ते में चल रही है, गरीब पढ़ रहे हैं, अस्पताल बन रहा है, तो एक अच्छे आदमी को क्यों परेशान करना। लेकिन उस अच्छे काम के पीछे वो असल में क्या कर रहे थे, यह मुझे नहीं पता।"
कपिल शर्मा शो में खान सर द्वारा किया गया दावा कि उनके यहां बर्तन मांजने वाली गरीब लड़कियां या छात्र आईएएस की तैयारी करते हैं पर ओझा सर ने सवाल उठाए। अवध ओझा ने कहा, "इस देश का क्या है? एक आईटी सेल बना लो अपना 150 लोगों का, जिससे जिसको गाली दिलवाना है दिलवाओ, जिसको रोस्ट करवाना है करवाओ, जिसकी इमेज खराब करनी है करो और जिसकी बनानी है बनाओ। खान सर की जो पीआर टीम है, उसको तो मैं सलाम करता हूं। मेरी आज तक कोई पीआर टीम नहीं है, ना मेरा कोई सोशल मीडिया ऑफिस है, सब परमात्मा की कृपा से चल रहा है।"
अवध ओझा ने कहा, "खान सर की टीम कहती है कि हमारे यहां एक बर्तन मांजने वाली लड़की आईएएस की तैयारी करती है। अरे भाई, आईएएस की तैयारी करने वाला बच्चा कभी बर्तन मांजेगा ही नहीं और अगर वो बर्तन मांज रहा है, तो उसको तैयारी ही नहीं करनी चाहिए। जो बच्चा आईएएस की तैयारी कर रहा है, वो कम से कम 10वीं क्लास के बच्चों को मैथ्स, फिजिक्स या बायो पढ़ा सके। अगर वो 10वीं के बच्चे को भी नहीं पढ़ा पा रहा है, तो वो आईएएस की परीक्षा की तैयारी कैसे करेगा? जब मैंने पहली बार कपिल शर्मा के शो में ये कहानी सुनी, तो मुझे तुरंत समझ आ गया कि ये सब क्या चल रहा है।"
अवध ओझा ने आगे कहा, "ऐसा नहीं है कि सिर्फ खान सर ही ये सब करते हैं, बाकी सब भी करते हैं। लेकिन खान सर थोड़ा ज्यादा कर गए, ज्यादा नाम कमा गए और काफी आगे निकल गए। तो जो लोग उनके जितने आगे नहीं निकल पाए, वो सब अब उनसे भीतर ही भीतर चिढ़ रहे हैं कि यार हम काहे नहीं आगे निकल पाए? हम काहे नहीं इतना पैसा कमा पा रहे हैं? हम काहे नहीं अमिताभ बच्चन के साथ KBC में बैठ रहे हैं? हम काहे नहीं कपिल शर्मा के शो में जा रहे हैं?"
अवध ओझा ने कहा, "खान सर की कामयाबी से लोग चिढ़ रहे हैं। आज की सच्चाई यही है कि उस आदमी (खान सर) पर हमला करके बहुत से ऐसे लोग अपना नाम चमका रहे हैं, जिन्हें पहले कोई जानता भी नहीं था कि ये भी कोई टीचर हैं। अगर आपका अहंकार बहुत ताकतवर है, तो आप कभी अपनी निंदा बर्दाश्त नहीं कर पाओगे। जितना अहंकारी आदमी होगा, वह निंदा सुनकर उतना ही बौखलाएगा।"
Published on:
24 Jun 2026 04:24 pm
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
