पटना

BJP में पहली बार बिहार के नेता को टॉप जिम्मेदारी, प्रदेश अध्यक्ष बोले- यह चुनावी जीत का तोहफा

BJP National President: भाजपा ने पहली बार बिहार के नेता नितिन नवीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाकर राज्य को बड़ी संगठनात्मक जिम्मेदारी दी है। इस नियुक्ति को बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिली प्रचंड जीत का तोहफा माना जा रहा है।

3 min read
Dec 14, 2025
Feature image

BJP National President: भाजपा ने पहली बार बिहार के किसी नेता को संगठन की शीर्ष जिम्मेदारी सौंपी है। बिहार सरकार में मंत्री और बांकीपुर से विधायक नितिन नवीन को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा होते ही पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में जश्न का माहौल देखने को मिला। कार्यकर्ताओं में उत्साह ऐसा था मानो यह सिर्फ एक नियुक्ति नहीं, बल्कि बिहार की राजनीतिक ताकत को राष्ट्रीय स्तर पर मिली औपचारिक मान्यता हो।

प्रदेश कार्यालय में जश्न, कार्यकर्ताओं में जोश

नितिन नवीन की नियुक्ति की खबर मिलते ही भाजपा प्रदेश कार्यालय में ढोल-नगाड़ों की गूंज सुनाई देने लगी। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की, एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर बधाई दी और मिठाइयां बांटी। कार्यकर्ताओं का कहना था कि यह बिहार भाजपा के लिए ऐतिहासिक क्षण है, क्योंकि पहली बार राज्य के किसी नेता को पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में इतना ऊंचा पद मिला है। कई कार्यकर्ताओं ने इसे बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत का सीधा परिणाम बताया।

दिलीप जायसवाल ने इस नियुक्ति को बिहार का गौरव बताया

इस मौके पर बिहार भाजपा के अध्यक्ष और उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने नितिन नवीन की नियुक्ति को बिहार के लिए सम्मान और गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि हालिया विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिली भारी जीत का यह तोहफा बिहार को मिला है। डॉ. जायसवाल के अनुसार, नितिन नवीन जैसे कर्मठ, जुझारू और मेहनती नेता को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी देना पार्टी के भरोसे और उनकी कार्यक्षमता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने नितिन नवीन के लंबे संगठनात्मक अनुभव और जनसेवा को देखते हुए उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है।

डॉ. जायसवाल ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में नितिन नवीन भाजपा संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे और करोड़ों कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि नितिन नवीन की पहचान सिर्फ एक राजनेता के तौर पर नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में भी रही है। उन्होंने पिछले 14 वर्षों से पटना में श्री श्री रामनवमी शोभा यात्रा अभिनंदन समिति के माध्यम से भव्य आयोजन कर सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन में भी सक्रिय भूमिका निभाई है। यही कारण है कि संगठन और समाज दोनों स्तरों पर उनकी स्वीकार्यता मजबूत रही है।

शुरू हुआ बधाइयों का सिलसिला

नितिन नवीन की नियुक्ति पर नेताओं की बधाइयों का सिलसिला सोशल मीडिया पर भी देखने को मिला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने X पर पोस्ट कर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि नितिन नवीन अपनी नई भूमिका में पार्टी को राष्ट्रीय फलक पर नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में अहम भूमिका निभाएंगे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी नितिन नवीन को बधाई देते हुए इसे बिहार के लिए खुशी की बात बताया। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन पांचवीं बार विधायक चुने गए हैं और मंत्रिमंडल में एक ऊर्जावान सहयोगी के रूप में काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि उनकी नई जिम्मेदारी से भाजपा को और मजबूती मिलेगी।

डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने नितिन नबीन से उनके आवास पर जाकर मुलाकात की और बढ़ाई दी। वहीं, डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने नितिन नवीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष चुने जाने पर व्यक्तिगत रूप से बधाई दी और कहा कि युवा नेतृत्व के मार्गदर्शन में संगठन नई गति और दिशा के साथ आगे बढ़ेगा। उन्होंने इसे न सिर्फ बिहार, बल्कि पूरे देश के लिए संगठनात्मक मजबूती का संकेत बताया।

जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने भी इस नियुक्ति पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह बिहार के लोगों के लिए गर्व की बात है। उन्होंने नितिन नवीन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका अनुभव और राजनीतिक सफर उन्हें इस जिम्मेदारी के लिए पूरी तरह सक्षम बनाता है।

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने भी इसे बिहार के लिए बड़ी उपलब्धि बताया और कहा कि बिहार ने चुनावों में बड़े नतीजे दिए हैं और अब उसी का परिणाम है कि राज्य का एक युवा नेता भाजपा के शीर्ष संगठनात्मक पद पर पहुंचा है।

Also Read
View All
‘न्याय केवल होना नहीं, होता हुआ दिखना भी चाहिए’; भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में पवन सिंह की एंट्री, सरकार से की निष्पक्ष जांच की मांग

हाथों में हथकड़ी और साथ में पुलिस, सीतामढ़ी जेल से सीधे NEET परीक्षा देने पहुंचा कैदी अफजद अली

‘जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक नहीं होगा श्राद्ध’, भोजपुर एनकाउंटर में मारे गए भरत तिवारी की मां का ऐलान

‘मेरा शरीर सेना को दान कर देना, मुझे कोई मारेगा तो घात करके ही मारेगा’, एनकाउंटर के बाद भरत तिवारी का पुराना वीडियो वायरल

भोजपुर में जहां भरत तिवारी का हुआ एनकाउंटर, वहां की मिट्टी गमछे में बांध ले गया युवक; बोला- हजारों साल में एक बार पैदा होता है ऐसा शेर