BJP Candidate List: भारतीय जनता पार्टी ने सभी 101 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। इस बार की पुराने तो की नए चेहरे को भी मौका दिया गया है। जानिए किस सीट पर कौन स उम्मीदवार है।
BJP Candidate List: भारतीय जनता पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए अपने सभी उम्मीदवारों की घोषणा पूरी कर ली है। बुधवार देर रात पार्टी की तीसरी और अंतिम सूची जारी की गई, जिसमें 18 नए नाम शामिल हैं। इस लिस्ट के साथ ही अब भाजपा ने कुल 101 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार दिए हैं। भाजपा का अब पूरा फोकस नामांकन और चुनाव प्रचार पर होगा।
भाजपा की पहली सूची सबसे बड़ी थी। इसमें 71 प्रत्याशियों के नाम शामिल थे। यह सूची जातीय और क्षेत्रीय संतुलन के लिहाज से काफी रणनीतिक मानी गई। पार्टी ने इसमें पुराने विधायकों, मंत्रियों और कुछ नए चेहरों को जगह दी थी। वहीं, दूसरी लिस्ट बुधवार शाम को जारी की गई थी। इसमें 12 उम्मीदवारों के नाम थे, जिनमें सबसे चर्चित नाम रहे लोक गायिका मैथिली ठाकुर और पूर्व IPS अधिकारी आनंद मिश्रा।
बुधवार देर रात जारी तीसरी और आख़िरी सूची में 18 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। इनमें पश्चिम चंपारण, कटिहार, भागलपुर, खगड़िया और औरंगाबाद जैसे राजनीतिक रूप से अहम जिलों की सीटें शामिल हैं।
भाजपा की सीटें एनडीए के अंदर तय फार्मूले के अनुसार हैं। जिसमें 101-101 सीट भाजपा और जदयू, 29 एलजेपी (रामविलास), 6-6 HAM और RLM को दी गई हैं। पार्टी ने टिकट वितरण में यह ध्यान रखा है कि सवर्ण, ओबीसी, दलित और महादलित सभी समुदायों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो। तीसरी लिस्ट जारी होने के साथ ही भाजपा ने अपने संगठन को संकेत दे दिया है कि अब उम्मीदवार चयन खत्म, अब प्रचार शुरू। राज्यभर में घर-घर भाजपा, हर घर कमल अभियान का दूसरा चरण शुरू होने वाला है।