पटना

REEL बनी व्यवसायी की हत्या की वजह! सरेआम गोलियों से भूना गया सूरज, हत्यारों की तलाश में नेपाल तक फैला पुलिस का जाल

Bihar News: सोशल मीडिया पर फोटो और रील अपलोड करने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि अपराधियों ने दिन दहाड़े सूरज बिहारी की हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में ब्रजेश सिंह और नंदू सिंह समेत सात नामजद आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है।
3 min read
• •
Jan 29, 2026
bihar news | suraj bihari murder | सूरज बिहारी हत्याकांड
सूरज बिहारी (फोटो- X@Vspeaks)

Bihar News: बिहार के पूर्णिया शहर के बसंत विहार इलाके में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई युवा व्यवसायी सूरज बिहारी की हत्या ने पूरे जिले को हिला कर रख दिया है। महज 28 वर्षीय सूरज बिहारी को सरेआम गोलियों से भून दिया गया। सूरज बिहारी गुलाबबाग के चौहान टोला के रहने वाले थे और मक्का व्यवसाय से जुड़े एक प्रतिष्ठित कारोबारी परिवार से आते थे।

प्राथमिकी दर्ज, 7 नामजद और 3 अज्ञात आरोपी

हत्या के अगले दिन मृतक के छोटे भाई उदय बिहारी के फर्द बयान पर मरंगा थाना में कांड संख्या 32/26 दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष कौशल कुमार ने बताया कि इस मामले में सात लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। इनमें ब्रजेश सिंह, उसका भाई नंदू सिंह, स्नेहिल झा, उसका भाई आदित्य झा, अमन सिंह, रजनीश सिंह और अंशू सिंह शामिल हैं। इसके अलावा तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस हत्याकांड को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है।

रील से शुरू हुआ विवाद, हत्या तक पहुंचा मामला

पुलिस जांच और परिजनों के बयान के मुताबिक, इस पूरे हत्याकांड की जड़ एक सोशल मीडिया रील बताई जा रही है। सरस्वती पूजा के दौरान एक कार्यक्रम में एक ब्लॉगर द्वारा बनाई गई रील सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी, जिसमें एक स्थानीय लड़की दिखाई दे रही थी। इस वीडियो को लेकर लड़की के बॉयफ्रेंड, जो बसंत बिहार इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है, ने आपत्ति जताई। पहले धमकी और मारपीट हुई, फिर दोनों पक्षों के बीच विवाद लगातार बढ़ता चला गया।

समझौते की कोशिश, लेकिन हो गया खूनी खेल

मंगलवार को विवाद सुलझाने के लिए दोनों पक्षों के लोग बसंत बिहार स्थित एक विवाह भवन परिसर में मिले। इसी दौरान मृतक का छोटा भाई उदय बिहारी भी वहां मौजूद था। बातचीत के दौरान कहासुनी बढ़ गई और आरोप है कि उदय बिहारी और ब्लॉगर के साथ मारपीट की गई तथा उन्हें बंधक बना लिया गया। इसके बाद उदय ने अपने बड़े भाई सूरज बिहारी को फोन कर मौके पर बुलाया। सूरज अपने निजी सुरक्षा गार्ड के साथ वहां पहुंचे, लेकिन बातचीत के बजाय हालात अचानक हिंसक हो गए।

‘धौंस जमाते हो’ कहकर बरसाईं गोलियां

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने सूरज बिहारी पर लाइसेंसी हथियार और गार्ड रखने को लेकर तंज कसा और देखते ही देखते ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। सूरज को सीने और पैर में गोली लगी। बचाव के लिए उनका निजी गार्ड गाड़ी की ओर भागा, जहां हथियार रखा था, लेकिन हमलावरों ने उस पर भी फायरिंग की। गोली गाड़ी के शीशे में जा लगी। इसके बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

गोली लगने के बाद सूरज बिहारी को तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने न सिर्फ व्यापारिक समुदाय बल्कि आम लोगों में भी भय पैदा कर दिया है।

अपराधियों की तलाश में तीन टीमें, नेपाल तक छापेमारी

एसपी स्वीटी सहरावत ने बताया कि इस मामले में तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। एक टीम पूर्णिया जिले में, दूसरी मधेपुरा और आसपास के जिलों में, जबकि तीसरी टीम नेपाल सीमा के इलाकों में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी टाटा पंच कार और बाइक से फरार हुए थे। तकनीकी टीम मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही पुलिस

जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी ब्रजेश सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर पूर्व में आर्म्स एक्ट और अवैध शराब कारोबार के मामले दर्ज हैं। 2018 में रिमांड होम हत्याकांड में भी उसका नाम सामने आ चुका है। पुलिस इन सभी बिंदुओं को जोड़कर जांच आगे बढ़ा रही है।

कांग्रेस का हमला, कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

युवा व्यवसायी की हत्या को लेकर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बिजेंद्र यादव समेत कई नेताओं ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि पूर्णिया में अपराध बेलगाम हो चुका है। मामूली विवादों में लोगों की जान जा रही है, जो कानून-व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है। कांग्रेस ने दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा देने की मांग की है।

Updated on:
29 Jan 2026 02:33 pm
Published on:
29 Jan 2026 02:33 pm
Also Read
View All
Bihar MLC Election: जन सुराज प्रत्याशी के समर्थन में उतरे अनंत सिंह, बोले- आज तक हारे नहीं तो अब कैसे हारेंगे

RJD ने मायावती की मांग का किया समर्थन, मंगनी लाल मंडल बोले- बूथ कैप्चरिंग पकड़ी जाती थी, मशीन में चुपके से हो रहा खेल

‘हर जगह पुलिस नहीं हो सकती, एक-दो घटनाओं से बिहार को बदनाम न करें’, चिराग पासवान के बयान पर बोले जदयू सांसद देवेश चंद्र ठाकुर

Bihar MLC Election: अनुज सिंह विवाद पर प्रशांत किशोर की दो टूक, बोले- संगीन केस वाले को टिकट का सवाल ही नहीं, सबूत है तो सामने लाइए

पटना में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन पर लाठीचार्ज, संदीप सौरव बोले- 13 करोड़ नाम काटे गए, गिरफ्तारी तक लड़ेंगे