Under-19 World Cup Final: बिहार के वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में धमाकेदार पारी खेली। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी और उन्हें भारतीय क्रिकेट के लिए एक नई उम्मीद बताया। उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने भी उनकी खूब तारीफ की।
Under-19 World Cup Final: आईसीसी अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए खिताबी मुकाबले में बिहार के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने ऐसी ऐतिहासिक पारी खेली। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इस मुकाबले में वैभव ने महज 80 गेंदों में 175 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर विश्व क्रिकेट में तहलका मचा दिया। उनकी इस बल्लेबाजी पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने खुलकर प्रशंसा की और सोशल मीडिया पर बधाई संदेश साझा किए।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि आज अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत और इंग्लैंड के बीच चल रहे मुकाबले में बिहार के क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने 80 गेंदों में 175 रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि वैभव अपनी मेहनत और प्रतिभा के बलबूते भारतीय क्रिकेट की एक नई उम्मीद बन गए हैं। मुख्यमंत्री ने शुभकामनाएं देते हुए आगे लिखा कि उन्हें विश्वास है कि वैभव भविष्य में भारतीय टीम के लिए नए कीर्तिमान रचेंगे और देश का नाम रौशन करेंगे।
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने भी एक्स पर पोस्ट कर वैभव की ऐतिहासिक पारी की सराहना की। उन्होंने लिखा कि बिहार के लाल वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत-इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे मुकाबले में 80 गेंदों में 175 रन की ऐतिहासिक पारी खेली। इस पारी के साथ उन्होंने न सिर्फ फाइनल का हाईएस्ट स्कोर बनाया, बल्कि एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने और 55 गेंदों में दूसरा सबसे तेज शतक जड़ने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।
डिप्टी सीएम ने कहा कि बिहार से निकलकर पूरी दुनिया में नाम चमकाना हर युवा के लिए प्रेरणा है और यह साबित करता है कि मेहनत और प्रतिभा से बिहार का बेटा वैश्विक पहचान बना सकता है। वैभव आगे भी इसी तरह क्रिकेट के लिए नए कीर्तिमान रचें और बिहार एवं देश का गौरव बढ़ाते रहें।
वैभव सूर्यवंशी अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में शतक जड़ने वाले सिर्फ छठे खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले भारत के उन्मुक्त चंद और मनजोत कालरा यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। खास बात यह रही कि विराट कोहली और शुभमन गिल जैसे दिग्गज भी अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में शतक नहीं लगा पाए थे, जबकि वैभव ने उनसे भी आगे निकलते हुए इतिहास रच दिया। उनकी 175 रनों की पारी अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल का अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है, साथ ही किसी भी आईसीसी लिमिटेड ओवर वर्ल्ड कप फाइनल में बनाया गया सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर भी माना जा रहा है।
वैभव का यह शतक अंडर-19 वर्ल्ड कप इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक है। उन्होंने 55 गेंदों में यह कारनामा किया। सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड इसी वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के एक बल्लेबाज ने जापान के खिलाफ 51 गेंदों में बनाया था। इससे पहले पाकिस्तान के कासिम अकरम ने 63 गेंदों में और इंग्लैंड के बल्लेबाज ने 65 गेंदों में शतक जड़ा था, जबकि भारत के राज बावा ने 2022 में 69 गेंदों में शतक लगाया था। इन सभी से आगे निकलते हुए वैभव ने फाइनल जैसे बड़े मंच पर अपनी अलग पहचान बना ली।
वैभव सूर्यवंशी ने कुल 80 गेंदों में 15 चौकों और इतने ही छक्कों के साथ 175 रन की शानदार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने कप्तान आयुष म्हात्रे के साथ मिलकर सिर्फ 90 गेंदों में 142 रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी ने भारतीय पारी को मजबूती दी और इंग्लैंड के गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया।