पटना

ईशान किशन की परफॉर्मेंस से खुश हुए नीतीश, वर्ल्ड चैंपियन बनने पर टीम इंडिया को दी बधाई, बोले- नाम किया रौशन…

भारत ने फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर T20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब बरकरार रखा। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जीत पर खुशी जताई, खासकर ईशान किशन की परफॉर्मेंस की तारीफ की। इसे देश के लिए गर्व का पल बताते हुए, मुख्यमंत्री ने पूरी टीम और सपोर्ट स्टाफ को बधाई दी।
2 min read
Mar 09, 2026
Feature image

T20 World Cup Final: रविवार रात अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में इंडियन क्रिकेट टीम ने वो कर दिखाया जिसका 140 करोड़ देशवासियों को इंतजार था। T20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मैच में इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर लगातार दूसरी बार वर्ल्ड कप ट्रॉफी पर कब्जा किया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरा देश जश्न में डूब गया और देश भर से खिलाड़ियों को बधाईयां मिलने लगीं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके इंडियन टीम को बधाई दी और खासकर बिहार के स्टार खिलाड़ी ईशान किशन की तारीफ की।

सीएम ने टीम इंडिया को दी बधाई

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया एक्स पर एक लंबा पोस्ट शेयर करते हुए इस ऐतिहासिक जीत पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा, 'भारतीय क्रिकेट टीम को टी-20 वर्ल्ड कप जीतने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह ऐतिहासिक जीत पूरे देश के लिए गर्व और हर्ष का क्षण है। खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन, समर्पण और टीम भावना से देश का नाम विश्व पटल पर रौशन किया है। टीम इंडिया के कप्तान सूर्य कुमार यादव सहित सभी खिलाड़ियों, कोच तथा सहयोगी स्टाफ को इस शानदार उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई।

CM नीतीश ने की बिहार के लाल की तारीफ

नीतीश कुमार ने ईशान किशन की तारीफ करते हुए आगे लिखा, 'इस जीत के लिए विशेष रूप से बिहार के लाल एवं अत्यंत प्रतिभाशाली खिलाड़ी ईशान किशन को भी मेरी ओर से हार्दिक शुभकामनाएं, जिन्होंने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से इस जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हमें विश्वास है कि भारतीय टीम आगे भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन कर देश को गौरवान्वित करती रहेगी। सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना है।'

दुख भुलाकर मैदान पर चमके ईशान किशन

इस फाइनल मैच से ठीक एक दिन पहले परिवार में दुखद घटना (बहन और जीजा की मौत) होने के बावजूद, ईशान ने मैदान पर उतरने का फैसला किया। उन्होंने सिर्फ 25 गेंदों में 54 रन की धमाकेदार पारी खेली और विकेट के पीछे तीन शानदार कैच भी पकड़े।

डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने बताया अद्भुत टीम भावना

बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने भी टीम की जीत पर अपना उत्साह दिखाया। उन्होंने अहमदाबाद में भारत की स्मैशिंग बैटिंग और टाइट बॉलिंग को जीत का क्रेडिट दिया। उन्होंने कहा कि लगातार दूसरी बार वर्ल्ड चैंपियन बनना खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और देश के अटूट विश्वास का नतीजा था।

भारत ने खड़ा किया था 255 रनों का पहाड़

भारत के लिए संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने क्रमशः 89 और 52 रन बनाकर एक सॉलिड शुरुआत दी, जिसे ईशान किशन (54) ने धमाकेदार अंत तक पहुंचाया। बॉलिंग में जसप्रीत बुमराह (4/15) ने कीवी टीम की कमर तोड़ दी, जिससे भारत को 96 रनों से ऐतिहासिक जीत मिली।

Updated on:
09 Mar 2026 07:49 am
Published on:
09 Mar 2026 07:49 am