पटना

CM सम्राट चौधरी को जान से मारने की धमकी, गुजरात से आरोपी गिरफ्तार; पूछताछ के लिए बिहार लाया जा रहा

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को बिहार पुलिस ने गुजरात से गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, आरोपी ने यह धमकी क्यों दी, इसका कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
2 min read
Apr 17, 2026
Feature image
मुरेठा में सम्राट चौधरी। (फोटो- IANS)

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में बिहार पुलिस ने गुजरात से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शेखर यादव (32) के रूप में हुई है, जो बिहार के बांका जिले का निवासी है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने मोबाइल फोन से मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर कॉल कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और मुंगेर जिले के संग्रामपुर थाने में मामला दर्ज किया गया। गौरतलब है कि सम्राट चौधरी मुंगेर जिले की तारापुर विधानसभा सीट से निर्वाचित हुए थे।

गुजरात से आरोपी गिरफ्तार

धमकी भरा फोन मिलने के बाद गुजरात और बिहार पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी की लोकेशन ट्रैक की। जांच के दौरान उसकी लोकेशन गुजरात के सानंद में मिली, जहां से पुलिस ने शुक्रवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों के अनुसार, आरोपी गुजरात की एक निजी कंपनी में काम करता था। गुजरात पुलिस ने उसे बिहार पुलिस के हवाले कर दिया है, जो फिलहाल उसे पूछताछ के लिए ट्रांजिट रिमांड पर बिहार ला रही है।

CM सम्राट चौधरी को धमकी

राज्य पुलिस मुख्यालय में तैनात एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि धमकी भरे फोन के पीछे का मकसद अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। अधिकारी ने कहा, “आरोपी के बिहार पहुंचने के बाद उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी।” मुख्यमंत्री की सुरक्षा बिहार विशेष सुरक्षा बल अधिनियम, 2000 के तहत की जाती है। यह कानून काफी हद तक एसपीजी अधिनियम पर आधारित है, जो प्रधानमंत्री की सुरक्षा का जिम्मा संभालता है। एसएसजी में 200 से अधिक प्रशिक्षित कमांडो शामिल होते हैं, जिन्हें पुलिस, आईटीबीपी, सीआरपीएफ, एनएसजी और एसपीजी जैसे विभिन्न बलों से चुना जाता है। गौरतलब है कि सम्राट चौधरी ने 15 अप्रैल को बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।

Updated on:
17 Apr 2026 10:31 pm
Published on:
17 Apr 2026 10:31 pm