पटना

एक्शन मोड में सीएम सम्राट चौधरी; सुबह ‘फन रन’ और अब जनता दरबार; नीतीश के स्टाइल में साधेंगे बिहार!

बिहार में सत्ता संभालने के बाद से ही मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी लगातार सक्रिय हैं। आज उन्होंने नीतीश कुमार के स्टाइल में जनता दरबार का आयोजन किया। इससे पहले, उन्होंने गंगा पथ पर एक 'फन रन' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

2 min read
Apr 17, 2026
जेपी गंगा पथ पर फन रन को हरी झंडी दिखाते सीएम सम्राट चौधरी
जेपी गंगा पथ पर फन रन को हरी झंडी दिखाते सीएम सम्राट चौधरी (फोटो-X)

बिहार के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पदभार संभालते ही अपनी कार्यशैली से यह स्पष्ट कर दिया है कि वे केवल फाइलें निपटाने वाले मुख्यमंत्री ही नहीं हैं, बल्कि एक ऐसे नेता हैं जो जनता से जुड़ने के लिए जमीनी स्तर पर उतरते हैं। शुक्रवार की सुबह, मुख्यमंत्री ने सबसे पहले गंगा पथ पर नारी शक्ति के साथ कदम मिलाते हुए एक 'फन रन' को हरी झंडी दिखाई। इसके बाद, उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के स्टाइल में अपने आवास पर आम लोगों की शिकायतें सुनने के लिए जनता दरबार लगाया।

नारी शक्ति वंदन और फन रन से दिन का आगाज

की दिन की शुरुआत पटना के भव्य जेपी गंगा पथ पर हुई। यहां मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 'नारी शक्ति वंदन' अभियान के तहत आयोजित 'फन रन' को हरी झंडी दिखाई। रेलवे ब्रिज (गंगा घाट) पर आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों महिलाओं की उपस्थिति ने मुख्यमंत्री का उत्साह बढ़ाया।

इसे लेकर सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नारी शक्ति वंदन से लोकसभा और विधानसभा में 33% आरक्षण देकर महिलाओं को सशक्त भागीदारी दे रहे हैं और नीतीश कुमार ने भी आधी आबादी को पूरा हक दिया है। अब हम महिलाओं का भाई बनकर उनके सम्मान को बढ़ायेंगे।' आखिर में सम्राट चौधरी ने कहा कि कार्यक्रम में मातृशक्ति की अपार उपस्थिति नारीशक्ति वंदन अधिनियम के प्रति अपार उत्साह का भी परिचायक है।

5, देशरत्न मार्ग पर लगा जनता दरबार

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नए जोश के साथ पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा स्थापित उस परंपरा को पुनर्जीवित किया है, जिसके जरिए जनता की समस्या और शिकायत सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचती थी। आम नागरिकों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने के लिए, सम्राट चौधरी ने 5 देशरत्न मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास पर 'जनता दरबार' का आयोजन किया है, जहां मुख्यमंत्री स्वयं राज्य के विभिन्न ज़िलों से आए लोगों की शिकायतों को व्यक्तिगत रूप से सुन रहे हैं।

समस्या का ऑन स्पॉट समाधान

सरकार का कहना है कि 'जनता दरबार' का उद्देश्य केवल लोगों की शिकायतें समझना और आवेदन प्राप्त करना ही नहीं है, बल्कि उन्हें मौके पर ही हल करना भी है। इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद हैं, ताकि लोगों की समस्याओं को हल करने की प्रक्रिया में तेज़ी लाई जा सके।

एक्शन में सम्राट

इससे पहले गुरुवार को सीएम सम्राट चौधरी ने सचिवालय का भ्रमण किया और उन कक्षों व कार्य प्रणालियों को देखा जिनका उपयोग नीतीश कुमार किया करते थे। इस दौरान सम्राट चौधरी ने सभी विभागों के प्रधान सचिव के साथ बैठक की और उन्हें विकास कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।

Updated on:
22 Apr 2026 11:42 am
Published on:
17 Apr 2026 10:57 am