सीवान के हर्ष मर्डर केस में पुलिस ने 24 घंटे के अंदर दूसरा एनकाउंटर किया है। इस मामले पर अब प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की तारीफ की है।
Bihar News:बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई और एनकाउंटरों की बढ़ती संख्या ने राज्य के राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। रविवार सुबह पुलिस ने सीवान में भाजपा नेता के भांजे की हत्या के मुख्य आरोपी सोनू यादव को एक एनकाउंटर के दौरान मार गिराया। इस मामले से जुड़ा यह दूसरा एनकाउंटर है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार के कामकाज की जमकर तारीफ की है। मांझी ने अपराधियों को चेतावनी देते हुए यह भी कहा कि अब बिहार में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है।
हर्ष मर्डर केस के मुख्य आरोपी सोनू यादव के एनकाउंटर के तुरंत बाद केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, 'अपराधियों पर सम्राट की पराक्रमी सेना का कहर जारी है। चुन-चुनकर अपराधियों को जमींदोज किया जा रहा है।'
जीतन राम मांझी ने आगे अपराधियों को चेतावनी देते हुए लिखा, 'कहा था न सबका हिसाब होगा। या तो सुधर जाइए या बिहार छोड़ दीजिए।' मांझी ने मुख्यमंत्री की तारीफ करते हुई आखिर में यह भी लिखा कि हर अपराध का बदला लेगें बिहार के सम्राट।
यह पूरी घटना 29 अप्रैल की शाम को सिवान के लक्ष्मीपुर आंदर ढाला ओवरब्रिज के पास शुरू हुई थी। महज कार साइड लगाने को लेकर हुए विवाद में बदमाशों ने पूर्व MLC और भाजपा नेता मनोज कुमार सिंह के भांजे हर्ष कुमार और उनके बहनोई चंदन सिंह पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दी थीं। इस हमले में हर्ष कुमार की मौत हो गई थी, जबकि हर्ष के पिता गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए चौतरफा घेराबंदी शुरू कर दी थी।
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के महज 24 घंटे के भीतर पहले आरोपी छोटू यादव को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था, जिसके दोनों पैरों में गोली लगी थी। वहीं, रविवार सुबह करीब 4 बजे जामो थाना क्षेत्र के लद्दी गांव के पास मुख्य आरोपी सोनू यादव के साथ पुलिस की सीधी मुठभेड़ हुई। पुलिस ने जब सोनू को सरेंडर करने को कहा तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने सोनू के सीने में गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।