
प्रेम प्रसंग में गोलीबारी में जख्मी ड्राइवर। फोटो -पत्रिका
बिहार के गया में दो अलग-अलग थानों के ड्राइवरों के बीच महिला पुलिसकर्मी को लेकर हुए विवाद में गोलीबारी हुई, जिसमें एक ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार कोतवाली थाना में तैनात एक महिला सिपाही को लेकर दोनों के बीच पिछले कई दिनों से तनाव चल रहा था, जो शनिवार को हिंसक रूप ले लिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, परैया थाना के निजी ड्राइवर गौतम कुमार ने कोतवाली थाना के ड्राइवर नीरज कुमार के सीने में गोली मार दी। घायल नीरज कुमार को इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, महिला सिपाही पहले परैया थाना में तैनात थी और उसी दौरान उसका दोनों ड्राइवरों से संपर्क बना था। कुछ दिन पहले उसका तबादला कोतवाली थाना में हो गया, जहां वह फिलहाल लिपिक के पद पर कार्यरत है। बताया जाता है कि वह गया के पितामहेश्वर मोहल्ले में किराए के मकान में रहती है।
सूत्रों के अनुसार, परैया थाना का ड्राइवर महिला सिपाही से मिलने उसके कमरे पर पहुंचा था। इसी दौरान दोनों ड्राइवरों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर गौतम कुमार ने गोली चला दी, जो कोतवाली थाना के ड्राइवर नीरज कुमार के सीने में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घायल अवस्था में भी नीरज खुद बाइक चलाकर कोतवाली थाना पहुंचा। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एएनएमसीएच) रेफर कर दिया गया। गया पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच एक महिला सिपाही को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी गौतम को नीरज और महिला सिपाही की नजदीकियां पसंद नहीं थीं, जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। शुक्रवार रात यह विवाद हिंसक हो गया। बताया जा रहा है कि गौतम ने सुनसान इलाके में नीरज पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
इस मामले में गया की सिटी एसपी कोटा किरण कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। गया पुलिस ने परैया थाना के निजी ड्राइवर गौतम कुमार को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। इस घटना के संबंध में सिविल लाइन थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार को भी बरामद कर लिया है। सिटी एसपी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला सिपाही का दोनों थानों के ड्राइवरों से संपर्क था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच में जुटी है।
Updated on:
03 May 2026 11:45 am
Published on:
03 May 2026 11:40 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
